हरियाणा में विधानसभा चुनाव करवाने के लिए केंद्रीय बलों की 225 कंपनियों की जरूरत
Haryana vidhan sabha Election 2024: हरियाणा में एक अक्टूबर को चुनाव होने हैं। चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। हरियाणा राज्य चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय बलों की 200 से अधिक अतिरिक्त कंपनियों की मांग की है।
संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल ने कहा कि राज्य ने केंद्रीय बलों की 225 कंपनियों की मांग की है, जिनमें से 70 पहले ही आवंटित की जा चुकी हैं। प्रदेश में सभी 90 सीटों पर एक ही चरण में एक अक्टूबर को मतदान और 4 अक्टूबर को मतगणना है।

पंकज अग्रवाल ने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में 2.03 करोड़ से अधिक मतदाता हैं। आम मतदाताओं में 1,07,14,565 पुरुष, 95,03,407 महिलाएं और 455 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। सर्विस (कर्मचारी) मतदाताओं में 1,04,456 पुरुष और 4,748 महिलाएं हैं। 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की संख्या 2,42,818 है, जबकि 9,554 मतदाता 100 वर्ष से अधिक आयु के हैं। 18-19 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 4,82,896 है, जबकि 20-20 आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 40 लाख से अधिक है।
पंकज अग्रवाल ने कहा कि चुनाव के लिए अधिसूचना 5 सितंबर को जारी की जाएगी और 12 सितंबर नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि होगी। नामांकन की जांच की अंतिम तिथि 13 सितंबर है, जबकि उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि 16 सितंबर है।
उल्लेखनीय है कि हरियाणा में साल 2014 और 2019 का विधानसभा चुनाव जीतकर भाजपा लगातार दो बार सरकार बना चुकी है। इस बार तीसरी बार सरकार बनाने की कोशिश कर रही है। जबकि कांग्रेस 10 साल बाद जीत का खाता खोलना चाहती है। वहीं, आम आदमी पार्टी, जननायक जनता पार्टी और इंडियन नेशनल लोकदल जैसी पार्टियां भाजपा-कांग्रेस की हार-जीत के सियासी समीकरण बिगाड़ने को ताल ठोंक रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications