सिरफिरे आशिक ने लड़की को मारी गोली, फिर की आत्महत्या की कोशिश
हरिद्वार। उत्तराखंड में हरिद्वार के लक्सर में एक तरफा प्यार में सिरफिरे युवक ने युवती को गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक ने खुद को गोली मारने का प्रयास भी किया, लेकिन तमंचा से गोली नहीं चली। इसके बाद उसने हाईटेंशन लाइन छूकर जान देने की कोशिश की। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

क्या है मामला
जानकारी के अनुसार, मामला हरिद्वार के लक्सर कोतवाली क्षेत्र के महाराजपुर खुर्द गांव का है। मोहित (21) पुत्र होशराम गांव की डोली (19) पुत्री सकटूराम से एक तरफा प्यार करता था और उसे काफी लंबे समय से परेशान कर रहा था। शनिवार की सुबह करीब नौ बजे डॉली अपने घर के समीप नल से पानी लेने के लिए गई थी। उसी दौरान मोहित भी वहां आ धमका और डॉली को साथ चलने के लिए कहा। डॉली ने उसके साथ जाने से इन्कार कर दिया। इसके बावजूद वह डॉली को साथ ले जाने के लिए दबाव बनाने लगा और डॉली लगातार मना करती रही। इससे मोहित आपा खो बैठा।

डॉली को मारी दो गोलियां
आरोप है कि तैश में आकर मोहित ने तमंचा निकालकर डॉली पर गोली चला दी। एक उसके सीने पर लगी और दूसरी पेट में। इससे वह नीचे गिर गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण उधर की तरफ दौड़े। ग्रामीणों को अपनी तरफ आता देखर मोहित जंगल की ओर भाग निकला। चश्मदीदों के अनुसार जंगल में भागते हुए उसने खुद को भी तमंचे से गोली मारने का प्रयास किया, लेकिन गोली नहीं चली। इसके बाद उसने एक ट्यूबवैल के ट्रांसफार्मर से जा रही बिजली की लाइन को पकड़कर आत्महत्या का प्रयास किया। करंट से वह बुरी तरह से झुलस गया।

क्या कहा सीओ ने...
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर नजदीक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। गंभीर हालत के चलते उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस की निगरानी में युवक का उपचार चल रहा है। सीओ लक्सर राजन सिंह ने बताया कि युवती के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है। आरोपित का पुलिस की निगरानी में उपचार कराया जा रहा है। प्रथम दृष्टया एक तरफा प्रेम के कारण युवती को गोली मारकर हत्या की गई है।












Click it and Unblock the Notifications