हरदोई: निर्माणाधीन मकान की नींव खुदाई के दौरान मिला था खजाना, अब प्रशासन ने किया सील
हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक निर्माणाधीन मकान की नींव खुदाई में खजाना मिलने की चर्चाएं सच साबित हुईं। यहां एक रिटायर्ड शिक्षक के घर की नींव की खुदाई के दौरान 26 दिसंबर को खजाना भरे दो घड़े मिले थे। जिन्हें 28 दिसंबर को एसडीएम व सीओ ने एक सूचना के आधार पर छापा मारकर ज्वेलरी और चांदी के सिक्कों को सील कर दिय़ा गया। अब सोने के आभूषणों और चांदी के सिक्कों को जांच के लिए पुरातत्व विभाग भेजा गया है। जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि यह गहने और सिक्के कितने पुराने हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हरदोई के बिलग्राम कस्बा के मोहल्ला बजरिया निवासी शोभित गुप्ता रिटायर्ड शिक्षक हैं। 26 दिसंबर को वह अपना मकान बनवाने के लिए नींव की खुदाई करा रहे थे। तभी मजदूरों को जेवरात से भरे दो घड़े मिले। जिसके बाद शोभित ने खुदाई का काम बंद कर दिया और मजदूरों को हिस्सा देने की बात कहकर मामले को दबाने की कोशिश की। मगर जब मजदूरों को कुछ हासिल नहीं हुआ तो उन्होंने कस्बा में खजाना मिलने की चर्चा फैला दी थी।
इसके बाद मकान मालिक के परिवार के हरिओम गुप्ता ने शनिवार को प्रार्थना पत्र देकर मकान में खजाना मिलने की शिकायत सीओ से एसआर कुशवाहा से की। मामला सीओ के संज्ञान में आने पर सीओ व एसडीएम रामविलास यादव ने पुलिस फोर्स के साथ मकान में छापा डाला। पूछताछ के बाद मकान मालिक ने पुलिस को नींव से बरामद जेवरात सौंपे। तौल कराने पर चांदी के लगभग एक किलो चार सौ साठ ग्राम जेवर निकले। एसडीएम ने बताया कि बरामद चांदी के सिक्कों और सोने की ज्वेलरी को पुरातत्व विभाग भेजा गया है, ताकि यह पता चल सके कि यह ज्वेलरी और सिक्के कितने पुराने हैं।
खजाने में मिला ये
पुलिस की माने तो 27 सिक्के, दो हाथ फूल, 2 पहुंची, 16 चूड़ी 6 बिछिया, चार लक्षा और दो छोटे छल्ले बरामद हुए हैं, जिनका वजन 1 किलो 460 बताया गया है। खुदाई कर रहे मजदूर चीता ने बताया कि खुदाई के दौरान खजाना निकलते ही मालिक ने उससे खजाना छीन कर भगा दिया था। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के मुताबिक खजाने को कब्जे में ले लिया गया है और आगे की कार्यवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications