आतंकी मसूद अजहर का सिर काटकर लाने वाले को एक करोड़ का इनाम
Hapur news, हापुड़। जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में अब तक 44 जवानों के शहीद होने की पुष्टि हुई है। जगह-जगह शहीदों को श्रद्धांजलि दी जा रही है तो वहीं यूपी के जनपद हापुड़ में भी शहीदों को श्रद्धांजलि देकर मार्च निकाल भारत माता की जय के नारे लगाए गए। इस दौरान आतंकी मसूद अजहर के सिर काट कर लाने वाले को एक करोड़ रुपए देने की घोषणा भी की गई।

शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की
गुरुवार को जम्मू कश्मीर के पुलवामा में आतंकी हमले में 44 जवान शहीद हो गए। इस घटना से देश शोक में डूब गया और जगह-जगह पाकिस्तान का पुतला फूंका गया। वहीं, यूपी के हापुड़ में सिटी कोतवाली क्षेत्र में रेलवे रोड, गोल मार्केट, मेरठ तिराहा, अतरपुरा चौपला आदि इलाकों में बीजेपी व व्यापार मंडल के लोगों ने मार्च निकाल 'भारत माता की जय' के नारे लगाए और शहीद स्तंभ पर जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मसूद अजहर के सिर पर रखा इनाम
बीजेपी नेता विनीत दीवान ने आतंकी सरगना मसूद अजहर के सिर लाने वाले को 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। बीजेपी जिला अध्यक्ष विकास अग्रवाल का कहना है कि भारत को मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए और हम सब को एकजुट होना चाहिए, जो उनके केंद्र हैं उन्हें नष्ट करना चाहिए।

यूपी के 12 जवान शहीद
पुलवामा आतंकी हमले में उत्तर प्रदेश के 12 जवान शहीद हुए हैं। योगी सरकार ने शहीद हुए जवानों के प्रत्येक परिजनों को 25 लाख रुपए मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है।












Click it and Unblock the Notifications