स्कॉर्पियो में आए और भरवाया केनों में डीजल, बिना पैसे दिए भाग जाते थे यह बदमाश
ग्वालियर में पेट्रोल पंप पर केनों मे डीजल भरवाकर बिना पैसे दिए भाग जाने वाले स्कॉर्पियों सवार बदमाशों को पुलिस ने पकड़ा
ग्वालियर, 11 अगस्त। पेट्रोल पंप पर स्कॉर्पियो गाड़ी आकर रूकती है, उसमें से दो नौजवान उतरते हैं। आधा दर्जन केन लेकर पेट्रोल पंप कर्मचारी के पास पहुंचते हैं और केनों में डीजल फुल भरवा लेते हैं। इसके बाद बिना पैसे दिए स्कॉर्पियो स्टार्ट कर के वहां से भाग जाते हैं। ऐसे घटनाक्रम ग्वालियर शहर में पिछले दिनों लगातार पेट्रोल पंप पर हो रहे थे। इन घटनाक्रमों से पुलिस की भी नींद उड़ गई थी और पेट्रोल पंप संचालक भी परेशान थे।

पिछले कुछ दिनों से पेट्रोल पंपों पर हो रहा था यह घटनाक्रम
पिछले कुछ दिनों से ग्वालियर जिले के पेट्रोल पंप पर इस तरह के मामले सामने आ रहे थे कि एक स्कार्पियो में सवार होकर कुछ लोग रात के वक्त पेट्रोल पंप पर पहुंचते हैं, यहां वे स्कॉर्पियो से तकरीबन आधा दर्जन केन लेकर उतरते हैं और उन केनों में डीजल भरवा लेते हैं। इसके बाद पंप ऑपरेटर से बिल मांगते हैं। पंप ऑपरेटर जैसे ही बिल देने के लिए मुड़ता है इतने में स्कॉर्पियो सवार लोग डीजल से भरी केनों को लेकर वहां से भाग जाते हैं।

पुरानी छावनी, बिलौआ और डबरा में हुई ऐसी घटनाएं
ग्वालियर जिले के पुरानी छावनी स्थित पेट्रोल पंप समेत बिलौआ में स्थित पेट्रोल पंप और डबरा में स्थित पेट्रोल पंप पर इस तरह के घटनाक्रम सामने आए। स्कार्पियो सवार लोगों ने केनों में डीजल भरवाया और पेट्रोल पंप ऑपरेटर को बेवकूफ बनाकर बिना पैसे दिए वहां से भाग गए। ऐसी शिकायतें जब पुलिस के पास पहुंची तो पुलिस सक्रिय हो गई।

बदनापुरा रोड से पुलिस ने की गिरफ्तारी
इस मामले में जब पुलिस अज्ञात स्कार्पियो सवार लोगों की तलाश कर रही थी तो मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि स्कार्पियो सवार वे लोग जो पेट्रोल पंप से फ्री में डीजल लेकर भाग रहे हैं, उन्हें बदनापुरा रोड पर देखा गया है। इसी सूचना पर से ग्वालियर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर स्कार्पियो सवार लोगों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी करके स्कॉर्पियो सवार दो लोगों को पकड़ लिया। पकड़े गए लोगों से पुलिस ने एक कट्टा और दो कारतूस भी जप्त किए।

ग्रामीण क्षेत्रों में बेच देते थे सस्ते में डीजल
पुलिस ने जिन दो आरोपियों को पकड़ा है उनके नाम विक्की कुशवाह और हरिओम गुर्जर बताए गए हैं। दोनों आरोपी ग्वालियर के ही रहने वाले हैं। पुलिस से पूछताछ में दोनों आरोपी ने कबूल किया कि वे पेट्रोल पंप ऑपरेटर को बेवकूफ बनाकर केनों में डीजल भरवा लेते थे और इन्हें भिंड-मुरैना के देहात इलाके में पहुंचकर ग्रामीणों को बेच दिया करते थे।












Click it and Unblock the Notifications