अपनी-अपनी पत्नियों को टिकट दिलाने के लिए कांग्रेस जिला अध्यक्ष और विधायक के बीच हुई टेंशन
ग्वालियर में नगर निगम के महापौर पद के प्रत्याशी के टिकिट को लेकर कांग्रेस जिला अध्यक्ष और कांग्रेस विधायक के बीच शुरु हुआ टेंशन।
ग्वालियर, 6 जून। नगरीय निकाय चुनाव के आगाज के साथ ही सियासी दलों के नेताओं में टिकट पाने की खातिर आपसी खींचतान शुरू हो गई है। कांग्रेस में भी महापौर के टिकट को पाने के लिए टेंशन का दौर शुरू हो गया है। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष और कांग्रेस विधायक के बीच महापौर के टिकट को लेकर बहस बाजी होने की खबर सामने आई है।

कांग्रेस के शिंदे की छावनी स्थित कार्यालय पर महापौर के टिकट की रायशुमारी के लिए समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई थी। इसी बैठक में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा और कांग्रेस के विधायक सतीश सिंह सिकरवार भी शामिल हुए। बैठक के दौरान जिला अध्यक्ष और विधायक के बीच जमकर बहस बाजी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि जिला अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा बैठक को छोड़कर कमरे से बाहर निकल आए।
अपनी-अपनी पत्नियों को टिकट दिलवाना चाहते हैं जिला अध्यक्ष और विधायक
ग्वालियर नगर निगम की महापौर प्रत्याशी के टिकट को लेकर जिला अध्यक्ष और विधायक दोनों ही जोर आजमाइश कर रहे हैं। जिला अध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा अपनी पत्नी रीमा शर्मा के लिए टिकट का प्रयास कर रहे हैं जबकि विधायक सतीश सिकरवार अपनी पत्नी शोभा सिकरवार के लिए टिकट लेने की जुगत लगा रहे हैं। ऐसे में दोनों के बीच टेंशन होना लाजमी है।
जिला अध्यक्ष ने कहा थोपा हुआ नाम स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष और विधायक के बीच हुई बहस के बाद जब जिला अध्यक्ष से मीडिया ने बातचीत की तो जिला अध्यक्ष ने साफ शब्दों में कह दिया कि थोपा हुआ नाम स्वीकार नहीं किया जाएगा। जिला अध्यक्ष ने कहा कि समन्वय समिति की बैठक में जो नाम तय होगा उसे ही ऊपर भेजा जाएगा और उसी का टिकट भी फाइनल होगा।
विधायक ने बहस बाजी की बात को किया खारिज
इस मामले में विधायक सतीश सिंह सिकरवार से जब मीडिया ने बातचीत की और उनसे जिलाध्यक्ष के साथ हुई तनातनी का कारण पूछा तो उन्होंने जिलाध्यक्ष के साथ हुई टेंशन की बात कोई सिरे से खारिज कर दिया। विधायक सतीश सिंह सिकरवार ने कहा कि कांग्रेस एकजुट होकर पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी।
बैठक में विधायक बोले जिला अध्यक्ष नहीं कर रहे हैं 3 दिन से बात
बैठक के अंदर हुई जिला अध्यक्ष और विधायक के बीच की बहस बाजी की जानकारी निकल कर आई है, जिसके अनुसार बैठक में कांग्रेस विधायक सतीश सिंह सिकरवार ने कहा कि जिला अध्यक्ष के 3 दिन से पैर छू रहा हूं लेकिन वह मुझसे बात नहीं कर रहे। इस पर जिला अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने जवाब देते हुए कहा कि मैं भी आपके पिताजी के पैर छूता हूं लेकिन मैंने ऐसा कभी नहीं कहा। धीरे-धीरे दोनों के बीच बहस बाजी बढ़ने लगी। बात यहां तक पहुंच गई कि विधायक ने कहा कि मैं अपने बलबूते पर चुनाव जीता हूं, जबकि जिला अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की वजह से आपकी जीत हुई है। बात इतनी बढ़ गई जिलाध्यक्ष को बैठक छोड़नी पड़ गई।












Click it and Unblock the Notifications