डाकुओं के राज में कांग्रेस ने लोगों को लावारिस छोड़ दिया- मुख्यमंत्री मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शनिवार को ग्वालियर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाह के समर्थन में करेरा विधानसभा एवं गुना लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थन में कोलारस विधानसभा के बदरवास एवं बामोरी विधानसभा के म्याना में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक समय चंबल के बीहड़ों में डाकुओं का आतंक था। दिन-दहाड़े डाकू लोगों को उठा ले जाते थे, लेकिन इन डाकुओं के राज में कांग्रेस ने लोगों को लावारिस छोड़ दिया।
कांग्रेस की तत्कालीन सरकार उनकी रक्षा तक नहीं कर पाई। इसके बाद भाजपा की सरकार ने चंबल के बीहड़ों से डाकूओं का पूरा सफाया कर दिया और अब ऐसा ही सफाया कांग्रेस पार्टी का भी करना है। कांग्रेस पार्टी वोट की भूखी है। देश के जवानों और देश के किसानों को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी ने उनका सम्मान दिलाया। हमारी सरकार गरीबों की सरकार है, सबको साथ लेकर चलने वाली सरकार है। केन्द्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवपुरी के बदरवास में जनसभा को संबोधित किया।

कांग्रेस के माथे पर कलंक है, कांग्रेस के लोग अहंकारी है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस ने श्रीराम के आमंत्रण को ठुकराकर महापाप किया है, ये कांग्रेस का अहंकार है। कांग्रेस के नेता हमेशा से श्रीराम मंदिर के निर्माण में अड़ंगा लगाते रहे। उन्होंने कभी भी श्रीराम मंदिर की चिंता नहीं की। वे तो श्रीराम मंदिर के नाम पर अपनी राजनीति चलाते रहे, हिन्दु-मुसलमानों के बीच में फूट डालते रहे, लेकिन जब सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आया तो पूरे देश ने उच्चतम न्यायालय के इस निर्णय का स्वागत किया, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के निर्णय पर भी कांग्रेस पार्टी ने आपत्ति उठाई। ये कांग्रेस की सोच है। कांग्रेस ने कभी भी देश की चिंता नहीं की, उन्होंने तो सिर्फ एक परिवार को बचाने की चिंता की है।
कांग्रेस हड़पना चाहती है हमारी संपत्ति
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस हमारे देश के गरीबों, आदिवासी, पिछड़ों, दलितों की संपत्ति को हड़पना चाहती है। इन्होंने अपने घोषणा पत्र में कहा है कि इस देश के अंदर संसाधनों का आर्थिक सर्वे कराएंगे। राहुल गांधी के गुरू सैम पित्रोदा कह रहे हैं कि अमेरिका में एक बहुत अच्छा टैक्स है, हम उसको भारत में लागू करवाएंगे। कांग्रेस शासनकाल के तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी जो पहले कहते थे कि इस देश के ऊपर सबसे पहला अधिकार मुसलमान बंधुओं का है। यही बात अब कांग्रेस अपने घोषणा पत्र में भी कह रही है। भाजपा सरकार मुसलमानों का सच्चा सम्मान करती है, तभी तो हमने मिसाइल मैन एपीजे अब्दुल कलाम को देश का राष्ट्रपति बनाया। रसखान ने भगवान श्रीकृष्ण की अच्छी स्तुति गाई तो हमने उनका भी सम्मान किया।
संवेदनशील है भाजपा की सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार बेहद संवेदनशील सरकार है। गुना में जब सड़क हादसा हुआ तो इस हादसे पर सरकार ने एक्शन भी तुरंत लिया। सारे काम छोड़कर गुना में पीड़ितों के बीच पहुंचकर स्थिति देखी। यह संवेदनशील सरकार है। हमारी संवेदना आम जनता के साथ जुड़ी हुई है। हमारी सरकार गरीबों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी। जिसकी जो जबावदेही है, उसको जबाव देना पड़ेगा। हादसे के बाद इसके जिम्मेदारों पर तुरंत एक्शन लिया गया। गरीबों के साथ कोई अत्याचार हो, उसको सहन नहीं किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications