ग्वालियर में सिंधिया ने साधा कांग्रेस पर निशाना, कहा-'कांग्रेस की हालत जर्जर हो गई है'
ग्वालियर में केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस पर बोला जुबानी हमला, कांग्रेस के लिए कहा कि कांग्रेस की हालत जर्जर हो गई है
ग्वालियर, 28 अगस्त। ग्वालियर में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा है कि कांग्रेस की हालत जर्जर हो गई है। इसके साथ ही सिंधिया ने गुलाम नबी आजाद को कांग्रेस छोड़ने पर शुभकामनाएं भी दी हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना और अशोकनगर पहुंचकर बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करते हुए अधिकारियों की बैठक ली।
Recommended Video

सिंधिया ने साधा कांग्रेस पर निशाना
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया रविवार को ग्वालियर में मीडिया से रूबरू हो रहे थे। मीडिया द्वारा कांग्रेस को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस की हालत जर्जर हो गई है। उन्होंने आगे बोलते हुए कहा कि गुलाम नबी आजाद ने लंबे समय तक कांग्रेस के साथ काम किया फिर भी उनकी यह स्थिति हो गई, लेकिन अब वे आजाद हो गए। इसके साथ ही उन्होंने गुलाम नबी आजाद को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपना आगे का रास्ता भी जरूर तय करेंगे।

थाईलैंड में दुर्घटना का शिकार हुए नींव अग्रवाल के घर में पहुंचे सिंधिया
पिछले दिनों विनय नगर के व्यापारी मनोज अग्रवाल अपने परिवार के साथ थाईलैंड गए थे। यहां एक दुर्घटना में उनके बेटे नींव अग्रवाल की जान चली गई। रविवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मनोज अग्रवाल के विनय नगर स्थित निवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात करते हुए अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की।

आईआईटीटीएम में आयोजित उद्भव ग्वालियर साहित्य उत्सव में भी पहुंचे सिंधिया
रविवार को ग्वालियर में आईआईटीटीएम में उद्भव ग्वालियर साहित्य उत्सव का आयोजन किया गया था। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया इस उत्सव में शिरकत करने के लिए आईआईटीटीएम पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में ग्वालियर का पुराना वैभव रहा है उसे उजागर करने के लिए यह बहुत ही सुंद शुरुआत शहर में हुई है। सिंधिया ने यह भी कहा कि वह सदैव यही चाहते थे कि अन्य शहरों की तरह ग्वालियर में भी साहित्य का उत्सव मनाया जाए। उन्होंने कहा कि 4 दिन का यह साहित्य उत्सव मनाया जा रहा है इस कार्यक्रम में देश विदेश के सर्वश्रेष्ठ साहित्यकार ग्वालियर मौजूद है, इस मंथन से नया अमृत निकलेगा।

गुना और अशोकनगर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया दौरा
स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया गुना और अशोकनगर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने के लिए रवाना हो गए। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना पहुंच कर बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे भी किया। इसके अलावा उन्होंने निचली बस्तियों का भी दौरा किया। दौरे के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना में अधिकारियों की समीक्षा बैठक भी ली। इसके अलावा सिंधिया अशोकनगर के बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे। यहां वे मुंगावली इलाके में बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई दौरा करने पहुंचे। उन्होंने यहां ग्रामीणों को संबोधित भी किया और सभी को इस बात का भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ है और बाढ़ पीड़ितों की हर संभव मदद की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications