गुड़गांव में क्रेटा कार चला रहे युवक की हत्या, एक के बाद एक मारीं 25 गोलियां
गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में एक युवक को दिन-दहाड़े गोलियों से भून दिया गया। घटना फिरोजगांधी कॉलोनी की है, जहां क्रेटा कार में सवार युवक को निशाना बनाया गया। कुछ बदमाशों ने उसे एक के बाद एक 25 गोलियां मारीं। मृतक नाम विकास उर्फ विक्री उर्फ अंडा बताया जा रहा है, जो ज्योति पार्क का निवासी था। तड़तड़ गोलियां बरसाए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। एक व्यक्ति को इतनी गोलियां मारे जाने के पीछे बदमाशों का यही इरादा था कि वो उसे किसी भी हालत में जिंदा नहीं छोड़ना चाहते थे।

सूचना मिलने पर न्यू कॉलोनी थाना पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीमें वहां पहुंची। हालांकि, कोई वहां नहीं दिखा। तब पुलिस ने लाश को मोर्चरी में रखवाया। परिजनों से पूछताछ की, लेकिन परिवार की ओर से किसी पर हत्या का शक नहीं जताया गया। एसीपी क्राइम प्रीतपाल सिंह ने बताया कि, दूसरे गैंग पर रंजिश के चलते वारदात करने के एंगल से भी जांच की जा रही है। स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। जल्द ही आरोपियों को लेकर खुलासा किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि, युवक को निशाना बनाने वाले बदमाशों की संख्या 5-6 थी और वे स्कॉर्पियो एवं बाइक पर सवार थे। जिस युवक को मारा गया, वो बीते कुछ समय से गुड़गांव के ही एक गैंगस्टर की पैरवी में मदद करता था। मगर, उसका पुलिस के रेकॉर्ड में नाम नहीं मिला है। उसे शुक्रवार दोपहर करीब पौने 3 बजे निशाना बनाया गया। वह करीब 35 साल का था। अपनी सफेद रंग की क्रेटा कार में फिरोज गांधी कॉलोनी से जा रहा था। वहीं, उसे घेरा गया।












Click it and Unblock the Notifications