गुरुग्राम सेक्टर 47: खुले में हो रही नमाज का विरोध करने पहुंचे स्थानीय लोग, पुलिस ने निकाला ये रास्ता
गुरुग्राम, 8 अक्टूबर। हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर 47 में शुक्रवार को खुले में जुमे की नमाज अदा कर रहे मुस्लिम समुदाय के लोगों को रोकने के लिए 30 से ज्यादा की संख्या में स्थानीय लोग और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता पहुंच गए। उन्होंने हाथों में तख्तियां ले रखी थीं जिस पर 'खुले में नमाज बंद करो' और 'नमाज मस्जिद में अदा करो' जैसे नारे लिखे हुए थे। प्रदर्शनकारी महिला और पुरुष नारे लगाते हुए, खुले में नमाज बंद करने और मस्जिद में जाकर नमाज पढ़ने की अपील करने लगे। उनका कहना है कि नमाजियों में अजनबी लोग होते हैं जिनसे स्थानीय लोग असुरक्षित महसूस करते हैं, साथ ही ट्रैफिक जाम भी होता है। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने मुस्लिम समुदाय के लोगों को उस जगह से 150 मीटर दूर नमाज पढ़ने के लिए कहा। पिछले तीन सप्ताह से शुक्रवार को स्थानीय लोग इसका विरोध करते आ रहे हैं जिसमें हिंदू संगठनों ने भी उनका साथ दिया।

2018 से हो रही उस जगह पर नमाज
जिस जगह पर फिलहाल मुस्लिम समुदाय के लोग गुरुग्राम के सेक्टर 47 में नमाज पढ़ रहे हैं, उसे 2018 में जिला प्रशासन ने स्थानीय लोगों की सहमति से तय किया था। एसीपी सदर अमन यादव के मुताबिक, 2018 में दोनों समुदायों के लोगों से बात कर जिला प्रशासन ने इस जगह पर नमाज पढ़ने की अनुमति दी थी। लेकिन पिछले तीन-चार सप्ताह से स्थानीय लोग विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह सरकारी जमीन है जिसको मार्केट बनाने के लिए अलॉट किया गया है। एसीपी सदर ने कहा कि इस जगह पर मुस्लिम समुदाय के लोग शांतिपूर्वक नमाज अदा करते आ रहे हैं। लेकिन विरोध को देखते हुए उनसे कहा गया है कि वे इस जगह से करीब 150 मीटर हटकर नमाज पढ़ें। जिला प्रशासन स्थानीय लोगों से बात कर इस मसले का समाधान निकालेगा।

दोपहर करीब एक बजे प्रदर्शनकारी पहुंचे
सेक्टर 47 में शुक्रवार को नमाजियों को रोकने के लिए दोपहर करीब एक बजे स्थानीय महिला और पुरुष हाथ में तख्तियां लेकर पहुंचे। वे खुले में नमाज बंद करो, मस्जिद में नमाज अदा करो और भारत माता की जय के नारे लगा रहे थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुस्लिम अपने घरों और मस्जिदों में नमाज पढ़ें या वक्फ बोर्ड की जमीन को नमाज के लिए इस्तेमाल करें। इस तरह खुले में नमाज पढ़कर रोड को जाम न करें। स्थानीय लोग असुरक्षा की भी बात कहते हैं। इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में उन्होंने कहा कि पहले करीब 20 लोग ही इस जगह नमाज पढ़ते थे लेकिन अब करीब 200 की संख्या में मुस्लिम आते हैं। भीड़ में पता नहीं चलता कि कौन बाहरी है। इलाके में अपराध की घटनाएं बढ़ गई हैं।

स्थानीय लोगों को मिला हिंदू संगठनों का साथ
विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और करणी सेना जैसे हिंदू संगठन स्थानीय लोगों का साथ देकर सेक्टर 47 में खुले में नमाज का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने पहले से ही ऐलान कर दिया था कि शुक्रवार को वे भी विरोध प्रदर्शन करने पहुंचेंगे। हिंदू संगठन के नेताओं का कहना है कि जब तक समस्या का समाधान नहीं निकलता, नमाज को रोक देना चाहिए। पिछले शुक्रवार को भी नमाज का विरोध हुआ था और पुलिस ने भारत माता वाहिनी के सदस्य दिनेश भारती को गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ सेक्टर 50 थाने में केस दर्ज किया गया। मंगलवार को जमानत पर दिनेश भारती को रिहा किया गया।

10 बजे से ही तैनात थी पुलिस फोर्स
8 अक्टूबर को भी विरोध प्रदर्शन के ऐलान को देखते हुए नमाज स्थल पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस प्रशासन की अपील पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने 150 मीटर दूर जाकर नमाज पढ़ी। प्रदर्शन करने पहुंचे हिंदू संगठनों के नेताओं ने कहा कि कहीं भी नमाज पढ़ने के लिए बैठ जाना ठीक नहीं है, इसका विरोध करेंगे। वहीं एसीपी सदर अमन यादव ने कहा कि 2018 से पहले 100 से ज्यादा जगहों पर नमाज पढ़ने की अनुमति दी गई थी। उसके बाद 37 जगहों पर इसकी अनुमति दी गई। अब स्थानीय लोग इसका विरोध कर रहे हैं तो जिला प्रशासन के सामने वे अपनी बात रखें। जमीयत उलेमा-ए-हिंद गुरुग्राम के अध्यक्ष मुफ्ती मोहम्मद सलीम का कहना है कि संख्या के हिसाब से शहर में मस्जिद इतने हैं नहीं जहां जाकर नमाज पढ़ेंगे, शुक्रवार को सामूहिक नमाज होता है तो मजबूरीवश खुली जगहों पर पढ़ना पड़ता है।












Click it and Unblock the Notifications