VIDEO: कूड़ा फेंकने की बात पर BJP कॉर्पोरेटर ने लड़कियों को धमकाया, पानी सप्लाई भी बंद कराई
राजकोट। यहां भाजपा कॉर्पोरेटर परेश पिपलिया की दबंगई से आहत स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे। कॉर्पोरेटर (नगरसेवक) परेश पिपलिया ने बीती रात कुवाड़वा रोड स्थित सरकारी आवास योजना परिसर पहुंचकर लड़कियों से उल्टी-सीधी बातें कीं। कूड़ा फेंकने की बात को लेकर उन्हें धमकाया। फिर, आज पानी की सप्लाई भी बंद करवा दी। जिससे गुस्साए लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए। भीड़ ने विरोध-प्रदर्शन किया।

मामला बढ़ता देख क्षेत्र के विधायक अरविंद रैयाणी भी दौड़े चले आए। विधायक ने भीड़ से शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि, सब ठीक हो जाएगा। रैयाणी ने फौरन पानी शुरू करवाने के साथ कॉर्पोरेटर पर कार्रवाई कराने की बात कही। हालांकि, घटना के सीसीटीवी फुटेज होने के बावजूद रैयाणी द्वारा पिपलिया को बचाने का प्रयास किए जाने की चर्चा होने लगीं। लोगों का कहना था कि, पिपलिया पर तो कार्रवाई हुई नहीं, उल्टे उसे बचाने की कोशिश की जा रही हैं।

घटना के वक्त के वीडियो में देखा जा सकता है कि, कॉर्पोरेटर परेश पिपलिया किस तरह पेश आए। संवाददाता ने बताया कि, आज सुबह शहीद उधमसिंह आवास योजना के क्वार्टर्स में पानी नहीं मिला। जिसके बाद वार्ड नंबर-4 के कॉर्पोरेटर परेश पिपलिया द्वारा पानी बंद करने के आरोप लगाकर स्थानीयों ने हंगामा मचाया। साथ ही परेश पर शुक्रवार रात नशे में धुत होकर यहां की युवतियों को धमकाने का आरोप भी लोगों ने लगाया।
सीसीटीवी में दिख रहा है कि, परेश पिपलिया भाजपा कार्यकर्ता सी. टी. पटेल संग मिलकर स्थानीय युवतियों को धमका रहे हैं। तब कई समर्थकों समेत स्थानीय लोग भी वहां मौजूद रहे। हालांकि बाद में एक युवक आया और कॉर्पोरेटर से कुछ बात कर युवतियों को ले जाता है। उस समय कॉर्पोरेटर पिपलिया के शराब के नशे में धुत होने की चर्चा स्थानीय लोगों में चल रही थीं। बाद में जब लोगों की भीड़ एकत्रित हुई तो पिपलिया गायब हो गया। अपना फोन भी बंद कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications