गुजरात: मजदूरों को लेकर जा रही बस में लग गई आग, धू-धूकर जली, 30 ने कूदकर जान बचाई
वडोदरा। श्रमिकों को मेडिकल चेक अप के लिए लेकर जाती एक सिटी बस में अचानक आग लग गई। उसमें बैठे कुछ लोगों को केबिन से धुआं निकलता दिखा। जिससे चलती बस में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में बस से लोग कूदने लगे। उसमें बैठे करीब 30 लोगों ने इसी तरह जान बचाई। हालांकि, उनका सामान बस समेत जल गया। कुछ ही देर में आग की लपटों ने धू-धूकर सब स्वाहा कर दिया।

यह घटना वडोदरा में न्यू वीआईपी रोड से लगे खोडियार नगर के पास दोपहर को घटी। जब बस श्रमिकों को लेकर तहसील कार्यालय जा रही थी, उसी दौरान चिंगारी बाहर आईं। कुछ लोगों को बस के केबिन से धुआं निकलता दिखाई दिया। वो चिल्लाने लगे, तो ड्राइवर ने तुरंत बस रोकी। उसमें सवार मजदूर अपनी जान बचाने के लिए नीचे कूदने लगे। बहुत ही कम समय में बस खाली हो गई।

मजदूरों की जान तो बच गई, लेकिन उनका पूरा सामान जल गया। इस हादसे की सूचना फायर ब्रिगेड की टीम को दी गई। फायर ब्रिगेड वहां पहुंची और बस में लगी आग को बुझाने लगी। बस जल चुकी थी। किसी तरह आग पूरी बुझाई गई। एक श्रमिक ने बताया कि, उक्त घटना खोडियार नगर के निकट सयाजीपुरा में वुडा के मकान के पास हुई। दोपहर का करीब 1 बजा था। इस दुर्घटना के बाद सभी श्रमिक पैदल ही तहसील कार्यालय तक पहुंचे। यदि यह दुर्घटना न होती तो मजदूरों को वहाँ से रेलवे स्टेशन ले जाया जाता। ऐसे में सभी श्रमिक अपने पूरे सामान के साथ बस में सवार हुए थे। किंतु, अब तो आग से उनका सामान जल चुका और एक बार वे फिर बेसहारा हो गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications