सूरत की लड़की को सौतेली मां ने बेचा, जोधपुर में कई लोग 2 माह तक करते रहे रेप, चकमा देकर छूटी
सूरत। गुजरात के सूरत की रहने वाली एक लड़की को उसकी सौतेली मां ने 50 हजार रुपए में बेच दिया। लड़की को राजस्थान के जोधपुर ले जाया गया। जहां कई लोग अपनी हवस मिटाते थे। लड़की प्रेग्नेंट हो गई। फिर उसे चेकअप के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां मौका देखकर लड़की भाग निकली। किसी तरह वह अजमेर पहुंची। जहां उसने पुलिस के समक्ष एफआईआर दर्ज करवाई। इसके बाद यह मामला उजागर हुआ।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, लड़की लगभग 21 साल की है। उसने शिकायत में लिखवाया है कि, सूरत में उसकी सौतेली मां ने दो माह पहले उसे 50 हजार रुपए में बेच दिया था। फिर एक व्यक्ति ने जोधपुर में उससे शादी की थी। जोधपुर में उसके कथित पति समेत 3 जने दो महीने तक उसे अपनी हवस का शिकार बनाते रहे। विरोध करने पर चाकू से मारने की धमकियां देते और मारपीट भी करते थे। इस दौरान वो मां भी उन लोगों का सहयोग करती थी और विरोध करने पर पीट दिया करती थी।
पीड़िता प्रेग्नेंट हो गई, तो अस्पताल में जांच कराने ले गए। जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचते वक्त रास्ते में मौका पाकर वह भाग निकली। जैसे-तैसे रोडवेज बस स्टेंण्ड पहुंची और भीख मांगकर रुपए एकत्रित किए। फिर वह बस से अजमेर जा पहुंची, जहां एक ऑटो चालक व उसकी पत्नी ने उसे आश्रय दिया और सार-संभाल की। उधर, आरोपी भी उसकी तलाश करते हुए अजमेर तक पहुंच गए, लेकिन वह उनके हाथ नहीं लगी।

अजमेर में पीड़िता ने एक पुलिस स्टेशन में तीनों व्यक्तियों के खिलाफ गैंगरेप और मारपीट की शिकायत की। साथ ही उस अपराधी मां की भी शिकायत की। फिर केस को जोधपुर स्थानांतरित कर दिया गया। मामला जोधपुर शहर के महामंदिर थाने के अंतर्गत आया। जहां पुलिस ने पीडि़ता का बयान दर्ज कर उसका मेडिकल करवाया। उसके बाद आरोपियों की खोजबीन शुरू कर दी।












Click it and Unblock the Notifications