गुजरात: तेज गरज के साथ बरस रहे मेघ, अहमदाबाद में भरा पानी, बिजली गिरने से लड़की की मौत
अहमदाबाद। गुजरात में बारिश का सिलसिला जारी है। दक्षिण पश्चिमी मानसून वलसाड के रास्ते सुबह प्रदेश में पहुंचा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान से एक दिन पहले ही रविवार को मानसून ने यहां दस्तक दे दी। जिसके चलते सूरत में एक घंटे में सर्वाधिक 69 मिमी बारिश वराछा क्षेत्र में दर्ज की गई। वहीं अहमदाबाद, वलसाड, जामनगर एवं भावनगर में भी मेघ बरसे।
अहमदाबाद में रविवार तड़के दो घंटे में ही औसतन दो इंच से अधिक बारिश हो गई। तेज हवा के साथ बारिश से सौ से अधिक पेड धराशायी हो गए। जबकि दो अंडरब्रिज भी बंद करने पड़े। वासणा बैरेज में पानी का स्तर बढऩे से दो दरवाजे भी खोलने पड़े। वहीं, निचले इलाकों में पानी भर गया। कई जगहें सड़कें डूब गईं।

सबसे बड़े शहर की महानगरपालिका में स्टेंडिंग कमेटी के अध्यक्ष अमूलभट्ट ने बताया कि 2 घंटे हुई जोरदार बारिश के कारण शहर के विविध इलाकों में पानी भरने और वृक्ष धराशायी होने की काफी शिकायतें मिलीं। यानी, इस दौरान जमीन धंसने और रोड सेटलमेंट समेत विविध शिकायतें मुख्य नियंत्रण कक्ष में दर्ज की गई।
उधर, राजकोट जिले के जसदण इलाके में एक घंटे में एक इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा गोंडल और राजकोट शहर में भी मूसलाधार बरसात देखी गई। विभाग की ओर से कहा गया कि, राजकोट के जसदण में सुबह 8 बजे भारी पवन और बिजली की गरज के साथ बारिश शुरू हुई। इससे वातावरण में ठंडक फैल गई। आंणद में जोगण गांव में पेड़ के नीचे दबने से दो भैंसों की भी जान चली गई।
इस बीच आणंद जिले की ही बोरसद तहसील के भादरणिया में बिजली गिरने से किशोरी की मौत हो गई। अधिकारी ने कहा कि, 9वीं में पढऩे वाली इलोबन ठाकोर (16) अपने घर के निकट खड़ी थी। तभी उस पर बिजली गिरी। वह गंभीर रूप से झुलस गई। कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications