अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस के फेरे 7 से घटाकर 3 दिन के हुए, कोरोना के कारण लिया गया फैसला
सूरत। अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस के फेरे सात से घटाकर तीन दिन कर दिए गए हैं। यह फैसला पश्चिम बंगाल में कोरोना संक्रमण को देखते हुए राज्य सरकार के अनुरोध पर लिया गया है। बता दें कि, रेल मंत्रालय ने कुछ दिन पहले अहमदाबाद तथा मुम्बई से पश्चिम बंगाल के बीच चलने वाली दो ट्रेनों के फेरे 7 दिन से घटाकर 1-1 दिन कर दिए थे, लेकिन अब फिर से उसमें संसोधन करके दोनों ट्रेन को 3 दिन चलाने की घोषणा कर दी गई है।

कोरोनावायरस के कारण लिया फैसला
पश्चिम बंगाल में इन दिनों कोरोनावायरस से ग्रसित लोगों की संख्या में इजाफा हो रहा है। जिसके चलते यहां रोजाना चलने वाली अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस के फेरे घटाए गए हैं। और, यह भी सबको मालूम है ही कि, कोरोना के चलते भारतीय रेलवे ने नियमित ट्रेनों का परिचालन बंद कर रखा है। मई में श्रमिक स्पेशल ट्रेनों को चलाने के बाद देशवासियों की जरूरत के हिसाब से कुछ प्रमुख रूट पर स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू किया गया था।

देश में अब कितनी ट्रेनें चल रही हैं?
विगत 12 सितम्बर से शुरू की गईं कुल 80 ट्रेनों समेत फिलहाल देशभर में 310 ट्रेनें चल रही हैं। मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार, राजधानी और नॉन एसी स्पेशल के 230 फेरे हो रहे हैं। गुजरात से बंगाल के लिए 02834 हावड़ा-अहमदाबाद स्पेशल ट्रेन को हावड़ा से शुक्रवार को और 20833 अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस को अहमदाबाद से सोमवार को चलाने का निर्णय किया गया था। किंतु इसमें फिर से रेलवे ने संसोधन किया है।
कब लागू होगी व्यवस्था
इंडियन रेलवे के नॉटिफिकेशन के मुताबिक, अब 02834 हावड़ा-अहमदाबाद स्पेशल ट्रेन हावड़ा से सप्ताह में तीन दिन मंगल, शुक्र और रविवार को चलाई जाएगी। वहीं वापसी में 20833 अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस अहमदाबाद से शुक्र, सोम और बुधवार को चलाई जाएगी। यह व्यवस्था हावड़ा से 15 सितम्बर तथा अहमदाबाद से 18 सितम्बर से लागू की जाएगी।

इसका भी घटाया गया था फेरा
साथ ही महाराष्ट्र की राजधानी मुम्बई से हावड़ा के बीच चलने वाली 02810/02809 सीएसटीएम-हावड़ा स्पेशल ट्रेन का फेरा भी घटाकर 1 दिन कर दिया गया था, लेकिन अब उसे भी बढ़ाकर सप्ताह में 3 दिन कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications