सिर्फ 2 रोटी पर 2 दोस्तों में हुआ ऐसा विवाद, एक ने दूसरे को चाकू से मारा, किराए पर एक ही मकान में रहते थे
वडोदरा। गुजरात में वडोदरा जिले के करचिया गांव में रह रहे मध्यप्रदेश के सागर शहर के रहने वाले 2 दोस्तों के बीच ऐसा विवाद हुआ कि, एक ने दूसरे की जान ही ले ली। दोनों किराए पर एक ही मकान में रह रहे थे, बीते रविवार को दोनों में सिर्फ 2 रोटी के बदले में 5 किलो आटा मांगने पर झगड़ा हो गया। झगड़ा भी ऐसा हुआ कि दोस्त ने दोस्त के ही पेट में चाकू घोंप दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। वे दोनों दोस्त रिफाइनरी कंपनी में लेबर थे।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान शैतान सिंह के तौर पर हुई है। मरने वाला दोस्त (शैतान सिंह) मारने वाले (धर्मेंद्र) के लिए ही दो रोटी उधार मांगकर लाया था। दोनों मूलरूप से मध्यप्रदेश के सागर शहर के रहने वाले थे, और वडोदरा जिले के करचिया गांव में रहकर एक रिफाइनरी कंपनी में बतौर लेबर काम करते थे। दोनों दोस्त थे इसलिए किराए के कमरे में साथ ही रहा करते थे। उनके पास के ही कमरों में अन्य परिचित लोग भी रहते थे। ऐसे में सबका खाना-पानी साथ में बन जाया करता था। शनिवार को काम से लौटकर शैतान सिंह जब कमरे पर आया तो खाना खाने के बाद देखा कि धर्मेंद्र के लिए रोटियां कम हैं। इसलिए वह पास में ही रहने वाले परिचितों से दो रोटी मांग लाया।
धर्मेंद्र कमरे पर आया और उन रोटियों को खाकर सो गया। उसके बाद दूसरे दिन धर्मेंद्र शैतान से बोला कि- क्या तुम कल मेरे लिए रोटी मांगकर लाए थे। शैतान ने हां बोला तो धर्मेंद्र का गुस्सा फूट पड़ा। वह शैतान से बोला कि, तुम जिनसे रोटी मांगकर लाए थे, वे लोग अब मुझसे बदले में 5 किलो आटा मांग रहे हैं। इसी बात पर इन दोनों दोस्तों में बहस हुई। उसके बाद तमतमाए धर्मेंद्र ने कमरे में रखा चाकू उठाया और शैतान सिंह के पेट में घोंप दिया। कुछ देर बाद उसका गुस्सा चला गया और दोस्त की हालत देखकर वह चिल्लाने लगा। बाद में शैतान सिंह को वडोदरा के सयाजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां उसकी आज सुबह मौत हो गई। पुलिस ने हत्यारोपी दोस्त धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications