लिव-इन पार्टनर से शादी से मना किया तो 20 साल के लड़के को भरी पंचायत में पीटा, मौत
वलसाड। गुजरात के वलसाड जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करते हुए भीड़ द्वारा एक लड़के को पीट-पीट कर मार डालने की घटना सामने आई है। मृतक की पहचान 20 वर्षीय लड़के संजय भुसरा के तौर पर हुई। पिछले दिनों उसे सुदूर आदिवासी गांव आसलोना की एक ग्राम पंचायत में कथित तौर पर "लिव-इन रिलेशनशिप" के लिए सजा दी गई। उसका किसी लड़की से प्रेम-संबंध था, जिससे उसने शादी करने से इनकार कर दिया था। इसी मसले पर, पंचायत के पंचों समेत कई लोगों ने उसे प्रताडि़त किया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच-पड़ताल में सामने आया है कि, संजय भुसरा की तीन साल पहले एक लड़की से सगाई हुई थी। वह पिछले एक साल से उसके साथ लिव-इन-रिलेशन में रह रहा था। हालांकि, बाद में उससे शादी करने से इनकार कर दिया। इसका पता लोगों को चला तो पंचायत बैठी, जहां उसकी बुरी तरह पिटाई की गई। जिससे उसकी हालत खराब हो गई। हालांकि, उस दौरान कुछ लोगों ने उसे छुड़ाने का प्रयास भी किया, लेकिन हमलावर लड़के को पीटते रहे।

इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया। जिसमें ग्रामीणों के एक समूह को लड़के की पिटाई करते देखा जा सकता है। वीडियो में दिख रहा है कि, लड़का एक गड्ढे में गिर जाता है और हमलावर फिर भी उसे नहीं छोड़ते। वह अधमरा हो गया था। बाद में उसकी मौत हो गई। फिर यह मामला पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस ने जांच शुरू करते हुए लड़के की हत्या के आरोप में लक्ष्मण गवली, उत्तम गवली, छगन गवली, रमन गवली, सीताभाई गवली, सुनील गवली और महदू गवली नाम के लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, लड़के की हत्या की शिकायत उसके पिता आनंद भुसरा ने दर्ज कराई थी। उधर, उसके साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में रही लड़की के पिता का कहना है कि, उसने बेटी को धोखा दिया था। लड़की के पिता लक्ष्मण ने ही दोनों के मामले में हस्तक्षेप करने के लिए ग्राम पंचायत का रूख किया था। ऐसे में लड़की के पिता पर भी उंगलियां उठ रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications