गुजरात की GIFT सिटी को शराब प्रतिबंध से छूट, 'वाइन-एंड-डाइन' की इजाजत
गुजरात की GIFT (गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक) सिटी में 'वाइन एंड डाइन' सेवा प्रदान करने वाले होटल, रेस्तरां और क्लबों को शराब के सेवन की इजाजत दे दी गई है। गुजरात सरकार ने शुक्रवार को यह जानकारी साझा की है। पूरे GIFT सिटी में काम करने वाले सभी कर्मचारियों व ओनर्स को शराब एक्सेस परमिट दिया जाएगा।
इसके अलावा, प्रत्येक कंपनी के अधिकृत विजिटर्स को उस कंपनी के स्थायी कर्मचारियों की उपस्थिति में अस्थायी परमिट वाले ऐसे होटलों, रेस्तरां या क्लबों में शराब का सेवन करने की अनुमति देने का प्रावधान किया गया है। हालांकि, होटल, क्लब या रेस्तरां को शराब की बोतलें बेचने की अनुमति नहीं होगी।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, गिफ्ट सिटी में 'ग्लोबल बिजनेस इको-सिस्टम' प्रदान करने के प्रयास में यह निर्णय लिया गया। वर्तमान में, गुजरात जाने वाले लोग अस्थायी शराब परमिट प्राप्त करके अधिकृत दुकानों से शराब खरीद सकते हैं।
NSE सीईओ ने जाहिर की खुशी
इसपर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के सीईओ आशीष चौहान ने कहा कि इससे गिफ्ट सिटी को बढ़त मिली है। एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर चौहान ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय वित्त सेवा केंद्र (आईएफएससी) को आज बढ़त मिली है। गुजरात सरकार ने एक अधिसूचना जारी करके बाहर से आने वाले विजिटर्स और निवासियों समेत कुछ संस्थाओं को शराब की पाबंदी से छूट दी है।
टैक्स-तटस्थ वित्तीय केंद्र के रूप में कार्य कर रही गुजरात की GIFT सिटी, खुद को सिंगापुर जैसे केंद्रों के प्रतिस्पर्धी विकल्प के रूप में स्थापित करना चाहती है। GIFT सिटी को भारत का पहला ग्रीनफील्ड स्मार्ट सिटी और अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र (IFSC) माना जाता है। इस क्षेत्र में ओरेकल, सिरिल, बैंक ऑफ अमेरिका, सिटी बैंक और अन्य समेत कई बहुराष्ट्रीय कंपनियों के कार्यालय हैं।












Click it and Unblock the Notifications