Gujarat Election: भाजपा-आप किसके CM चेहरे में है दम, क्या पासा पलटेगी कांग्रेस
Gujarat Election: गुजरात विधानसभा चुनाव की बात करें तो इस बार एक तरफ जहां दिग्गज चेहरे मैदान में हैं तो दूसरी तरफ कुछ युवा चेहरे भी मैदान में हैं, जिनपर हर किसी की नजर इस चुनाव में होगी। गुजरात के चुनावों ने हमेशा ही लोगों को अपनी ओर आकर्षित किया है। यहां चुनावी मुकाबला काफी दिलचस्प रहता है। भारतीय जनता पार्टी की बात करें तो वह दावा कर रही है कि उसकी सरकार लगातार अच्छा काम कर रही है और एक बार फिर वह प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने जा रही है। वहीं कांग्रेस व आम आदमी पार्टी भाजपा के मंसूबों पर पानी फेरने की हर संभव कोशिश कर रही हैं।

आप-कांग्रेस-भाजपा का सीएम चेहरा
प्रदेश में अगर मुख्यमंत्री पद के चेहरों की बात करें तो भाजपा ने मौजूदा मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल पर भरोसा जताया है और उन्हें ही प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री के तौर पर आगे किया है। वहीं आम आदमी पार्टी की बात करें तो इसुदान गढ़वी को पार्टी ने मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है। हालांकि भाजपा और आम आदमी पार्टी ने अपने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की पहले ही घोषणा कर दी है लेकिन कांग्रेस ने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का नाम अभी तक ऐलान नहीं किया है और पार्टी बिना मुख्यमंत्री उम्मीदवार के चेहरे के ही मैदान में हैं।

भूपेंद्र पटेल इतिहास बनाने को आतुर
भाजपा के मुख्यमंत्री चेहरे की बात करें तो भूपेंद्र भाई पटेल पहली बार 2017 में विधायक चुनकर आए और पहली बार विधायक बनने के साथ ही उन्हें प्रदेश के मुख्यमंत्री की भी कमान मिल गई। उन्होंने 2017 में कांग्रेस के शशिकांत पटेल को 1.17 लाख वोटों के भारी मतों से हराकर विधानसभा में एंट्री की थी जिसके बाद 13 सितंबर 2021 को उन्हें प्रदेश का मुख्यमंत्री बना दिया गया। लगातार दूसरी बार विधायक बनकर वह लगातार प्रदेश के दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड जरूर अपना नाम करना चाहेंगे। अमित शाह ने खुद यह स्पष्ट कर दिया है कि भूपेंद्र के नेतृत्व में हम चुनाव लड़े हैं, पूर्ण बहुमत की सरकार बनने के बाद वह फिर से प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे, वह पूर्णकालिक मुख्यमंत्री रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी लगातार उनके लिए प्रचार कर रहे हैं।

एंकर से सीएम उम्मीदवार बने इसुदान गढ़वी
आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार इसुदान गढ़वी की बात करें तो वह भी राजनीतिक में बिल्कुल नए हैं। उनका राजनीति से कोई लेना देना नहीं था। वह पेशे से न्यूज एंकर और पत्रकार थे। लेकिन पिछले ही साल उन्होंने आम आदमी पार्टी का हाथ थामा है। अरविंद केजरीवाल ने उन्हें पार्टी का मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित किया है। गढ़वी कहते हैं कि मैं माता की आराधना किए बिना खाना नहीं खाता हूं, हमारे पास कुछ नहीं है, शक्ति की कृपा के बिना कुछ नहीं। गढ़वी को पार्टी का मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित करने से पहले अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि जनता ने खूब जमकर वोटिंग की है, हमारे पास लगभग 16 लाख लोगों की प्रतिक्रियाएं आई हैं, जिसमे से 73 फीसदी लोगों ने इसुदान गढ़वी का नाम लिया है। दरअसल पहले माना जा रहा था कि गुजरात आप के अध्यक्ष गोपाल इटालिया को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया जा सकता है, लेकिन जिस तरह से उनका पुराना वीडियो सामने आया, जिसमे वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अपशब्द का इस्तेमाल कर रहे हैं, उसके बाद आम आदमी पार्टी ने किसी भी तरह के विवाद से खुद को बचाने के लिए उन्हें इस रेस से बाहर कर दिया।

बिना चेहरे के मैदान में कांग्रेस
कांग्रेस की बात करें तो पार्टी बिना मुख्यमंत्री के चेहरे के चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस ने पिछले चुनाव में हर किसी कौ चौंकाते हुए जबरदस्त प्रदर्शन किया था। कांग्रेस के जबरदस्त प्रदर्शन के चलते भाजपा को 99 सीटों पर ही जीत मिल सकी थी। लेकिन इस चुनाव की बात करें तो देश की सबसे पुरानी पार्टी का गुजरात में क्या विजन है, इसको लेकर शून्य नजर आ रही है। कांग्रेस के 20 विधायक 2017 के बाद से भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो चुके हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश ठाकोर और जिग्नेश मेवाणी के बीच जिस तरह से तकरार सामने आई उसके बाद कांग्रेस पार्टी की अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई। यही वजह है कि पार्टी इस बार बिना किसी चेहरे के मैदान में है। कांग्रेस पार्टी को इस चुनाव में सबसे ज्यादा कमी दिग्गज रणनीतिकार अहमद पटेल की जरूर खल रही है। जिस तरह से कांग्रेस ने पिछले चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया था उसके बाद उसके पास यह मौका था कि 27 साल के भाजपा के शासन को खत्म कर सकती थी। लेकिन पार्टी फिलहाल इससे चूकती नजर आ रही है।












Click it and Unblock the Notifications