गुजरात: उपचुनाव जीतने वाले सभी 8 विधायकों की शपथ आज, जानिए कौन किस सीट से निर्वाचित हुआ
गांधीनगर। बिहार विधानसभा चुनावों के समय गुजरात की आठ विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के विजेता आज शपथ ले रहे हैं। इस उपचुनाव को भाजपा उम्मीदवारों ने ही जीता, जबकि, कांग्रेस एक भी सीट नहीं कब्जा पाई थी। नवनिर्वाचित इन 8 विधायकों में अबड़ासा से प्रद्युम्न सिंह जडेजा, डांग से विजय पटेल, धारी से जे वी काकड़िया, गधाडा से आत्माराम परमार, कपराडा से जीतू चौधरी, करजन से अक्षय पटेल, लिंबड़ी से किरीट सिंह राणा और मोरबी से बृजेश मेरजा शामिल हैं।

स्पीकर राजेन्द्र त्रिवेदी के दफ्तर में शपथग्रहण समारोह
विधायकों के शपथग्रहण समारोह के बारे में बताते हुए भाजपा प्रवक्ता पंकज देसाई ने कहा कि, इसी माह गुजरात में हुए उपचुनाव में जीते नेता 19 नवंबर, यानी कि आज लाभ पांचम के शुभ अवसर पर शपथ लेंगे। कोरोना महामारी के चलते शपथग्रहण समारोह में कम ही लोगों को आने दिया जाएगा। खासकर भाजपा के आलाधिकारी ही शपथविधि में उपस्थित होंगे। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सी आर पाटिल, मंत्री प्रदीप सिंह जडेजा, भूपेंद्र सिंह चुड़ास्मा कार्यक्रम के मुख्य चेहरे होंगे। इनकी मौजूदगी में ही आठों जीते हुए विधायक शपथ लेंगे। विधायकों की शपथविधी का कार्यक्रम स्पीकर राजेन्द्र त्रिवेदी के दफ्तर में रखा गया है।
ये वही सीटें हैं, जिनसे कांग्रेस विधायकों ने इस्तीफा दिया था
गुजरात की जिन आठ विधानसभा सीटों से चुने गए विधायक आज शपथ ले रहे हैं, वे वही सीटें हैं, जिनसे इस साल कांग्रेस विधायकों ने इस्तीफा दे दिया था। सीटें रिक्त होने पर चुनाव आयोग को उपचुनाव कराने पड़े। यहां से भाजपा की राज्यसभा सीटें कायम रखने के लिए जिन 8 विधायकों ने कांग्रेस छोड़ी थी, उनमें से 5 को भाजपा ने टिकट दिए। कांग्रेस के बागी कहलाए गए वे सभी नेता दुबारा विधायक बने हैं, लेकिन इस बार भाजपा से।

3 नवंबर को हुए थे उपचुनाव, 10 को रिजल्ट आया
उक्त आठ सीटों पर राज्य में 3 नवंबर को मतदान हुआ था। जिनमें कच्छ जिले की अबडासा, सुरेंद्रनगर की लींबडी, मोरबी की मोरबी, अमरेली की धारी, बोटाद की गढडा (सुरक्षित - अनुसूचित जाति), वडोदरा की करजण, डांग की डांग (सुरक्षित - अनुसूचित जाति) और वलसाड की कपराडा (सुरक्षित - अनुसूचित जाति) सीटें शामिल हैं। उपचुनाव के दरम्यान इन सीटों पर कुल 81 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमें से 51 निर्दलीय भी थे। सर्वाधिक 14 उम्मीदवार लींबडी और सबसे कम चार कपराडा में चुनाव लड़े। इन आठ सीटों पर वोट डाले गए थे। फिर, 10 नवंबर को रिजल्ट आया था। उसके अनुसार सभी आठ सीटों पर मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ भाजपा और कांग्रेस के बीच ही हुआ। सभी सीटों पर हार कांग्रेस की हुई।

किस दल के पास कितनी सीटें?
गुजरात में 182 सदस्यों वाले सदन में इस उपचुनाव से पहले तक भाजपा के पास 103 विधानसभा सीटें थीं। वहीं, कांग्रेस के पास सिर्फ 65 सीटें ही हैं। वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 71 सीटें जीती थीं, जो घटती चली गईं। जबकि, भाजपा की 8 और बढ़ गईं।












Click it and Unblock the Notifications