बड़े ने किया छोटे भाई का कत्ल, फिर मां-बाप ने लाश के टुकड़े कराकर ठिकाने लगवाया, 7 माह बाद भेद खुला
सुरेन्द्रनगर। गुजरात में सायला के थोरियाली क्षेत्र में 7 महीनों पहले हुई हत्या की वारदात का अब पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने जो मीडिया को बताया, उसे सुनकर लोग दंग रह गए। पुलिस के मुताबिक, एक परिवार में बड़े भाई ने ही छोटे भाई का कत्ल कर दिया। बाद में उनके माता-पिता ने ही कमरा साफ किया। किसी को शक न हो इसलिए, तीन दिनों बाद उन्होंने खुद ही उसकी गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज करा दी थी।

गुजरात में कंपकपा देने वाली वारदात
बहरहाल, वो बड़ा भाई और उसका साथ देने वाले माता-पिता तीनों पुलिस की गिरफ्त में हैं। इन सभी ने अपना गुनाह कुबूल कर लिया है। वहीं, पुलिस ने मृतक की पहचान भी उजागर की है। जिसका नाम सागर कटोसणा था। वो मदारगढ़ इलाके में रहता था। पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि, उसे शराब की लत थी और आए रोज वह नशे के लिए घरवालों से पैसे मांगता था।

27 जनवरी की रात की हत्या
अपने भाई और माता-पिता से झगड़ता रहता था। ऐसा ही झगड़ा 27 जनवरी की रात को भी हुआ था। इस दौरान विवाद बढ़ने पर गुस्साए बड़े भाई ठाकरशी ने लोहे का पाइप सागर के सिर पर दे मारा, जिससे मौका-ए-वारदात पर ही उसकी मौत हो गई। जिसके बाद पकड़े जाने के डर से ठाकरशी और माता-पिता ने उसकी लाश ठिकाने लगाने का प्लान बनाया। इस काम को अंजाम देने लिए ठाकरशी ने अपने साले मावजी की भी मदद ली।

लाश के हाथ-पैर और सिर काटे
रात को ही चारों जनों ने कटर से सागर की लाश के हाथ-पैर और सिर काटकर अलग-अलग जगह फेंके। और शव को ठिकाने लगाने के तीन दिन बाद परिवार खुद ही पुलिस थाने पहुंचा और सागर की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई। सागर की तलाश करते-करते पुलिस को बाद में मोहल्ले से ही सुराग मिले।

एक पड़ोसी ने पुलिस को बताए साक्ष्य
एक पड़ोसी ने पुलिस को नाम न बताने की शर्त पर बताया कि, उसने घटना के बाद ठाकरशी के परिवार को रातभर इधर-उधर निकलते देखा था। बाद में उनकी घबराहट भी देखी, लेकिन सागर की गुमशुदगी की बात उसे कुछ दिन बाद पता चली। पड़ोसी को लगा कि सागर शराब के नशे में या फिर शराब के लिए कही चला गया होगा।

चारों गिरफ्तार, कानूनी कार्रवाई शुरू
इसी क्लू के बाद पुलिस ने सागर की हत्या करने वाले उसके भाई ठाकरशी, माता-पिता और ठाकरशी के साले मावजी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।












Click it and Unblock the Notifications