सीएम केजरीवाल का दावा- सूरत की 12 सीटों में से 7 पर जीत रही AAP, लोग बीजेपी से हैं गुस्सा
अहमदाबाद, 3 सितंबर: गुजरात विधानसभा चुनाव को देखते हुए आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने वहां पर मोर्चा संभाल लिया है। इसी कड़ी में शनिवार को AAP प्रमुख और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल राजकोट पहुंचे। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए केजरीवाल ने दावा कि भारतीय जनता पार्टी इस बात को लेकर चिंतित है कि आगामी विधानसभा चुनाव में उनके हाथ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य गुजरात की सत्ता जाने वाली है।

Recommended Video
सीएम केजरीवाल ने कहा कि AAP नेता मनोज सोरथिया पर हमले से गुजरात के छह करोड़ लोग बहुत गुस्से में हैं। उन्होंने भगवान के सामने हमारे नेता का सिर फोड़ दिया। ये हमारे देश की संस्कृति नहीं है, ये हिंदू संस्कृति नहीं है, ये गुजरात की संस्कृति नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि इस हमले से सूरत के लोग भी बहुत गुस्से में हैं। हाल ही में उन्होंने एक सर्वे वहां पर किया था, जिसमें पता चला कि सूरत की 12 सीटों में से 7 आम आदमी पार्टी जीत रही है।
AAP सुप्रीमो ने कहा कि जब वो (बीजेपी) हार रहे होते हैं, तो इस तरह का हमला करते हैं। गुजरात में बीजेपी हार के बारे में चिंतित है। मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि अब तक आप कांग्रेस के साथ काम कर रहे थे, लेकिन हम कांग्रेस नहीं हैं। हम सरदार पटेल और भगत सिंह में विश्वास करते हैं, हम डरते नहीं हैं, हम आपसे लड़ेंगे। उन्होंने बीजेपी पर गुजरात में AAP को मीडिया ब्लैकआउट करने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी वालों ने मीडियावालों से कह रखा है कि वो AAP नेताओं से बात ना करें और ना ही उन्हें किसी डिबेट में बुलाएं। मैं इस वजह से लोगों से सोशल मीडिया के जरिए जुड़ने को कह रहा हूं।
केजरीवाल के मुताबिक कई अच्छे लोग बीजेपी के लिए काम कर रहे हैं। ऐसे में वो उनसे अपील करना चाहते हैं कि वो AAP के साथ जुड़ जाएं। उन्होंने पूछा कि बीजेपी से आपको क्या मिला है? क्या उन्होंने आपको स्कूल या अस्पताल दिए? वहीं रहें, लेकिन हमारे लिए काम करें। उनका भुगतान लें, लेकिन हमारे लिए काम करें।












Click it and Unblock the Notifications