गुजरात: AAP का बड़ा कदम, विधानसभा चुनाव से भंग की राज्य इकाई
गांधीनगर, 08 जून: हाल ही में पंजाब विधानसभा चुनाव में बंपर जीत के बाद आम आदमी पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर काफी सक्रिय हो गई है। आप नेता हिमाचल प्रदेश और गुजरात में लगातार दौरे कर रहे हैं। इस बीच अब आम आदमी पार्टी ने गुजरात में विधानसभा चुनाव से पहले अपनी राज्य इकाई को भंग कर दिया है। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के मेहसाणा में रोड शो के दो दिन बाद पार्टी ने यह कदम उठाया है।

गुजरात में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में राज्य में अपनी सियासी जमीन मजबूत करने के लिए आप संयोजक लगातार दौरे पर दौरे कर रहे हैं। इस बीच आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को घोषणा करते हुए कहा कि उसने प्रदेश अध्यक्ष के पद को छोड़कर राज्य में सभी इकाइयों को भंग कर दिया है। पार्टी के अनुसार अब जल्द ही नई राज्य इकाई का पुनर्गठन किया जाएगा।
मेहसाणा में साधा बीजेपी पर निशाना
बता दें कि आप के प्रदेश इकाई भंग करने से पहले अरविंद केजरीवाल ने गुजरात के मेहसाणा जिले में एक रोड शो किया था, जिसमें उन्होंने जमकर बीजेपी पर निशाना साधा था। केजरीवाल ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अगर गुजरात में बीजेपी को कोई हरा सकता है तो वो सिर्फ आम आदमी पार्टी है। सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने कहा था, "लोग बीजेपी के खिलाफ कुछ भी बोलने से डरते हैं। लोगों ने कहा कि अगर वे उनके खिलाफ कुछ भी बोलते हैं तो उन्हें धमकाया जाता है और पीटा जाता है। इसलिए अब डरने की जरूरत नहीं है क्योंकि गुजरात बदलने वाला है।"
इससे पहले आम आदमी पार्टी ने अप्रैल में हिमाचल प्रदेश की अपनी प्रदेश इकाई को भंग किया था। पार्टी ने हिमाचल में यह कदम लगातार आप छोड़कर बीजेपी में शामिल हो रहे नेताओं के बाद लिया था। आप के प्रदेश अध्यक्ष समेत कई बड़े नेता बीजेपी में चले गए थे।












Click it and Unblock the Notifications