UP BJP ने ग्राउंड लेवेल पर बनाई यह खास रणनीति, जानिए बीडीसी सदस्यों के साथ क्या करने जा रही पार्टी
BJP News Gorakhpur: लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी की दृष्टि से भाजपा अब अपने क्षेत्र पंचायत सदस्यों (बीडीसी) को संगठन की विचारधारा और रीति नीति परिचय कराएगी। इसके लिए गोरखपुर क्षेत्र के सभी 12 जिलों में 27, 28 और 29 नवंबर को एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
भाजपा मिशन 2024 की तैयारी में पूरी तरह से जुटी हुई है। इसी क्रम में नगर निकाय और पंचायत प्रतिनिधियों को प्रशिक्षित कर भाजपा की विचारधारा और रीति नीति से परिचित कराया जा रहा है। संगठन की ओर से अभी तक भाजपा के जिला पंचायतों के अध्यक्ष, सदस्य, नगर निगमों के महापौर, पार्षदगण, नगर पालिका व नगर पंचायतों के अध्यक्ष और सभासदों का प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जा चुका है। अब क्षेत्र पंचायत सदस्यों का प्रशिक्षण होना है।

क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय के अनुसार पार्टी नेतृत्व ने गोरखपुर क्षेत्र के जिलों में प्रशिक्षण के लिए 27, 28 और 29 नवंबर की तिथि तय की है। प्रत्येक प्रशिक्षण वर्ग में अधिकतम डेढ़ सौ क्षेत्र पंचायत सदस्य शामिल होंगे। इस नाते हर जिले में तीन से चार प्रशिक्षण वर्ग लगाने की तैयारी की गई है। ब्लाक मुख्यालयों पर आयोजित होने वाले इन प्रशिक्षण वर्गो में चार सत्र होंगे। इन सत्रों को भाजपा के वरिष्ठ नेता, मंत्री और जनप्रतिनिधि गण संबोधित करेंगे। प्रशिक्षण के उपरांत भाजपा के क्षेत्र पंचायत सदस्य मिशन 2024 के लिए कारगर होते हुए दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता नरेंद्र मोदी को देश का लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री मनाने हेतु ग्राउंड लेबल पर कार्य करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications