यूपी पंचायत चुनाव: 3 दिन में 50 हजार से प्रत्याशी-एजेंट कराएंगे कोविड जांच, जानें क्यों?
गोरखपुर, अप्रैल 28: उत्तर प्रदेश ग्राम पंचायत चुनाव की मतगणना में शामिल होने से पहले 29 अप्रैल से एक मई तक 50 हजार से अधिक प्रत्याशी और उनके एजेंट कोरोना की जांच कराएंगे। इसके बाद ही मतगणना में शामिल हो सकेंगे। गुरुवार से ही ये लोग स्वास्थ्य केंद्रों और जिला अस्पताल पर दिखेंगे। ऐसे में जिला प्रशासन भी जरूरी इंतजाम करने में जुट गया है। प्रशासन के निर्देशों के मुताबिक, कोविड जांच रिपोर्ट मतगणना वाले दिन यानी दो मई से 72 घंटे पूर्व की ही होनी चाहिए।

50 हजार तक पहुंच सकती है जांच कराने वालों की संख्या
गोरखपुर में ग्राम पंचायत सदस्य पद के 6893, प्रधान के 8822, क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के 8175 और जिला पंचायत सदस्य पद के 869 उम्मीदवार मिला कुल 24759 प्रत्याशियों की कोविड जांच होनी है। इसके अलावा अगर सभी के एक-एक एजेंट भी मान लें तो संख्या 50 हजार तक हो जाएगी। ऐसे में अगर सावधानी नहीं बरती गई तो मतगणना स्थल पर तैनात हजारों की संख्या में कर्मचारियों के साथ प्रत्याशी और उनके एजेंटों के भी कोरोना की चपेट में आने का खतरा है।
स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच का समय बढ़ाए जाने को लेकर मंथन
जिला निर्वाचन अधिकारी के. विजयेंद्र पांडियन ने कहा कि तीन दिन में बड़ी संख्या में लोगों के जांच कराने से व्यवस्था प्रभावित न हो इसे लेकर सतर्कता बरत रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच का समय बढ़ाए जाने को लेकर बातचीत चल रही है। एजेंटों की संख्या कम करने पर भी विचार चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications