'जब BJP चायवाले के बेटे को PM बना सकती है...,' कैबिनेट मंत्री बनने के सवाल पर जानिए क्या बोले संजय निषाद?
गोरखपुर, 03 मार्च: निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने छठे चरण में आज गोरखपुर में अपना मतदान किया। इसके बाद मीडिया से बातचीत में एक बार फिर बीजेपी गठबंधन की जीत का दावा किया। इस दौरान जब उनसे सवाल किया, अगर बीजेपी की सरकार बनी तो क्या वे कैबिनेट मंत्री बनेंगे? इस सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, "जब बीजेपी एक आम चायवाले के बेटे को प्रधानमंत्री बना सकती है तो फिर एक निषाद के बेटे को कुछ भी बना सकती है।"
Recommended Video

संजय निषाद ने 'इस बार 300 पार' का दिया नारा
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी, निषाद पार्टी और अपना दल के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ रही है। डॉ. संजय निषाद ने कहा कि भाजपा जो वादा करती है उसे पूरा करके दिखाती है। संजय निषाद ने 'इस बार 300 पार' का नारा देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के साथ चलती है। उन्होंने दावा किया कि इस बार लोग पुरानी सरकारों के कुशासन को याद करते हुए वोट करेंगे।
2022 में जनता मोदीजी के साथ है: संजय निषाद
संजय निषाद ने कहा कि सरकार ने गरीबों को अनाज बांटा है। घर-घर अनाज पहुंचाया गया है। पहले की सरकारों में गलत नीतियों के चलते यही अनाज गोदामों में पड़ा हुआ सड़ता रहता था। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने बिना भेदभाव के मकान दिए, राम मंदिर बनवाया और धारा 370 को हटाया। 2022 में जनता मोदी जी के साथ है। उन्होंने कहा कि चुनाव में बीजेपी, निषाद पार्टी और अपना दल के गठबंधन की ही जीत होगी।
छठे चरण के तहत 57 सीटों पर मतदान
यूपी विधानसभा चुनाव में आज छठे चरण के तहत 57 सीटों पर कड़ी सुरक्षा और कोविड गाइडलाइन के साथ मतदान जारी है। चुनाव आयोग की तरफ से तय कार्यक्रम के मुताबिक, 403 विधानसभा सीटों वाले उत्तर प्रदेश में अभी तक पांच चरण का मतदान हो चुका है। आज छठे चरण के तहत पूर्वांचल के 10 जिलों की विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। छठे चरण के चुनाव में 57 विधानसभा सीटों पर कुल 676 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर है। मतदान सुबह 7 बजे से शुरु होकर शाम 6 बजे तक चलेगा।












Click it and Unblock the Notifications