कोरोना से मौत: सबने मोड़ा मुंह, मां के शव को ठेले पर लादकर श्मशान पहुंचा बेटा
गोरखपुर, अप्रैल 19: उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। राजधानी लखनऊ, वाराणसी समेत कई जिलों में हालात बेकाबू हो गए हैं। रोजाना हजारों नए केस सामने आ रहे हैं। वहीं, मौतों का का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ रहा है। स्थिति ये हो गई है कि श्मशान घाट पर शवों को जलाने के लिए जगह नहीं बच रही है। इस बीच गोरखपुर में मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली घटना सामने आई। रविवार को कोरोना संक्रमित 55 साल की एक महिला की इलाज के अभाव में मौत हो गई। सूचना देने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम नहीं पहुंची। बेटे ने पड़ोसियों से मदद मांगी, लेकिन कोई भी मदद के लिए तैयार नहीं हुआ। आखिरकार बेटे ने मां के शव को अकेले ही कफन में लपेटा और ठेले पर लादकर श्मशाम घाट पहुंच गया। यहां उसने अकेले ही मां का अंतिम संस्कार किया।
Recommended Video

कुंभ में स्नान कर वापस लौटी थी महिला
गोरखपुर के गोला कस्बे में रहने वाले 55 लोग बस बुक कर 8 अप्रैल को कुंभ स्नान के लिए हरिद्वार गए थे। 16 अप्रैल को ये लोग वापस लौटे तो कुछ इनकी जांच कराई गई। जांच में 9 लोग कोविड पॉजिटिव मिले। 55 वर्षीय महिला भी संक्रमित मिलीं। डॉक्टरों ने महिला को 14 दिन क्वारंटाइन रहने की सलाह दी। बीते शुक्रवार की शाम से ही होम आइसोलेशन में रह रही थीं, लेकिन इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महिला का न ही जांच की और न ही कोई दवा दी। महिला के बेटे के मुताबिक, रविवार की सुबह अचानक उसकी मां की तबीयत बिगड़ने लगी। जब तक इलाज के लिए कहीं ले जाते, तब तक उसने दम तोड़ दिया।

मां के शव को ठेले पर लादकर श्मशान घाट पहुंचा बेटा
आरोप है कि कोरोना पाजिटिव महिला की मौत की सूचना देने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की टीम वहां नहीं पहुंची। कोरोना का मामला होने की वजह से आस पड़ोस के लोगों ने भी मदद नहीं की। जब कहीं से कोई मदद नहीं मिली तो महिला के बेटे ने ही मास्क और ग्लव्स पहनकर मां को कफन में लपेटा और अकेले ही ठेले पर लादकर गोला स्थित मुक्तिधाम ले गया। यहां उसने अकेले ही चिता सजाई और मुखाग्नि देकर मां का अंतिम संस्कार कर दिया।

क्या बोले जिम्मेदार ?
इस मामले में चिकित्सा प्रभारी डॉ. योगेंद्र नारायण सिंह ने कहना है कि होम आइसोलेशन में रहे लोगों को दवा देने का निर्देश दिया गया था। मामले में लापरवाही बरतने वाली टीम को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। इस मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। वहीं, एसडीएम गोला राजेन्द्र बहादुर ने कहा कि होम आइसोलेशन में रहे लोगों को घर पर ही दवा और इलाज मिलना चाहिए। यह स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी है। गोला में महिला की मौत का मामला गंभीर है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराकर दोषी के खिलाफ करवाई कराएंगे।












Click it and Unblock the Notifications