Gorakhpur News: पीड़ित महिला से बोले एसएसपी- 'जालसाजों की तरह होगी सूदखोरों पर कार्रवाई'
Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से सूदखोरी का मामला सामने आया है। जिसमें रामगढ़ताल इलाके की रहने वाली एक महिला से 50 हजार रुपये कर्ज की जगह 10 लाख रुपये देेने के बाद भी सूदखोरों द्वारा मारपीट व छेड़खानी का मामला सामने आया है। एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने सूदखोरों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।पुलिस आरोपी तीन महिलाओं समेत छह लोगों पर सूदखोरी, मारपीट, डकैती व छेड़खानी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, गगहा इलाके के एक गांव के रहने वाले किसान अपने परिवार के साथ रामगढ़ताल इलाके में चिड़ियाघर के पास किराये का कमरा लेकर रहते हैं। कुछ दिनों पहले उन्हें कुछ पैसों की जरूरत थी। उन्होंने इसके लिए अपने पड़ोसी रामप्रसाद से मदद मांगी। रामप्रसाद ने कहा कि उसके पास तो रुपये नहीं हैं, लेकिन वह किसी से ब्याज पर रुपये दिला सकते हैं। पीड़ित की पत्नी महिला के साथ सूदखोरों के पास चली गईं। रामप्रसाद उन्हें लेकर बांसगांव इलाके के डाडी गांव की रहने वाली संभा यादव पत्नी सरवन यादव, उसकी बड़ी बहन रंभा यादव पत्नी राजनारायण यादव, छोटी बहन विभा यादव पत्नी विजय यादव और संजीव पांडेय के पास पहुंचा।

आरोप है कि सूदखोरों ने पीड़ित की पत्नी से कुछ सादे कागजात पर दस्तखत कराए और उन्हें 50 हजार रुपये कर्ज दे दिए। इसके बाद पीड़ित दंपती ने धीरे-धीरे कर्ज और ब्याज भी लौटा दिया। आरोप है कि इस बीच सूदखोर उनका ब्याज बढ़ाते चले गए और सादे कागज पर किए गए दस्तखत से ब्लैकमेल कर महिला का शारीरिक शोषण करते रहे।इतना ही नहीं आरोपियों ने ब्लैकमेल कर महिला से छह सादे चेक पर भी दस्तखत करा लिया और उन्हें ब्लैकमेल कर ब्याज वसूलते रहे।
बीते 10 दिसंबर को आरोपी उनके घर पहुंचे और उन्हें धमकाने लगे। आरोपियों ने महिला को घर में बंद कर छेड़खानी भी की। इस बीच जब पति पहुंचे तो आरोपियों ने पति-पत्नी की पिटाई कर दी। फिर घर में रखा सामान लूटकर धमकी देते हुए फरार हो गए।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने कहा कि सूदखोरी पूरी तरह से गैरकानूनी है। ऐसा करने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।











Click it and Unblock the Notifications