गोरखपुरः स्कूल वैन चालक ने मासूम से की रेप की कोशिश, घर पर इस हाल में पहुंची बच्ची
गोरखपुर। प्ले स्कूल में पढ़ने वाली साढ़े तीन साल की मासूम बच्ची के साथ 43 साल के स्कूल वैन में चालक ने हैवानियत की हदें पार कर दीं। उसने बच्ची को डराकर उसके साथ गलत हरकत की और रेप का प्रयास भी किया। मेडिकल परीक्षण में इस तरह की हैवानियत की पुष्टि हुई है। बता दें कि यह मामला छह दिन तक दबा रहा। सूचना मिलने के बाद हरकत में आई पुलिस चालक की गिरफ्तारी के लिए छापे मार रही है।

वैन चालक ने की छेड़खानी की कोशिश
मोहनापुर स्थित एक स्कूल में पादरी बाजार इलाके की रहने वाली साढ़े तीन साल की मासूम प्ले-वे में पढ़ती है। वो वैन से स्कूल आती-जाती है। वैन चालक की पहचान खोराबार के पटपर का रहने वाला रमेश यादव के रूप में हुई है। वह दो साल से स्कूल की वैन चलाता है। आरोप है कि गुरुवार यानी 19 दिसंबर को छुट्टी के बाद वैन से बच्ची घर आ रही थी। चालक रमेश यादव ने सभी बच्चों को उतार दिया। लेकिन इस बच्ची को वैन में रोक लिया। वैन में ही चालक बच्ची के साथ गलत हरकतें करने लगा। बच्ची को पहले उसने फुसलाया और फिर उसे डराकर गंदी हरकतें शुरू कर दी। उसने रेप की भी कोशिश की।

मां ने की स्कूल में शिकायत
बच्ची घर पहुंची तो उसके अस्त-व्यस्त कपड़े और बदहवासी देखकर मां को शक हुआ। कपड़े पर खून के छींटे भी दिखे। मां ने फुसला-फुसलाकर जानकारी ली। उसने कई किस्तों में आपबीती बताई कि ड्राइवर अंकल ने क्या-क्या हरकत की। बच्ची को लेकर उसकी मां उसी दिन शाम को स्कूल गई। लेकिन, वहां सिर्फ चौकीदार मिला। दूसरे दिन से स्कूल बंद हो गया। रविवार को वह प्रबंधक के पास गई पता चला कि प्रबंधक विदेश गए हैं। मामला संज्ञान में आने के बाद प्रबंधक के भाई ने अगले दिन पूरे स्टाफ को बुलाकर बच्ची से पहचान कराई मगर रमेश गैर हाजिर रहा। इससे उस पर शक गहरा गया।

पुलिस ने की छापेमारी
सोमवार की सुबह घरवालों ने 100 नम्बर के जरिए पुलिस को सूचना दी। इसके बाद यह मामला पुलिस के सामने आया। पुलिस ने केस दर्ज कराने के बाद ही बच्ची को मेडिकल के लिए भेजा। मेडिकल में उसके साथ गलत हरकत करने के प्रयास की पुष्टि हुई है। सोमवार को रमेश की तलाश में पुलिस की एक टीम उसके गांव पहुंची। पता चला कि वह खेत में पानी चला रहा है। पुलिस खेतों की तरफ गई। इस बीच उसने दूर से ही पुलिस को देख लिया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही वो भाग गया।

पुलिस ने की खोजबीन शुरू
पुलिस ने दबाव बनाने के लिए उसके परिवार के लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक रमेश की उम्र 43 साल है। उसके दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटी भी है। गोरखपुर के एसएसपी डा. सुनील गुप्ता ने बताया कि शाहपुर इलाके में बच्ची के साथ गलत हरकत का मामला सामने आया है। धारा 376 और पॉक्सो ऐक्ट के तहत ड्राइवर पर केस दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने उसके रिश्तेदारों को हिरासत में ले रखा है। पुलिस जल्द ही मुख्य आरोपी को पकड़ लेगी।












Click it and Unblock the Notifications