'न्याय के लिए जारी रखूंगा लड़ाई', बर्खास्तगी के बाद बोले डॉ. कफील खान
लखनऊ, 11 नवंबर: गोरखपुर के बाबा राघव दास (बीएआरडी ) मेडिकल कॉलेज में बच्चों की मौत मामले में एक्शन लेते हुए योगी सरकार ने डॉ. कफील खान को बर्खास्त कर दिया है। यूपी सरकार के बर्खास्तगी के आदेश पर अब डॉ. कफील खान का बयान सामने आया है। उन्होंने साफ कहा कि वो इंसाफ के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।
Recommended Video

योगी सरकार ने गुरुवार को गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. कफील खान की सेवाएं समाप्त कर दीं। सरकार के प्रवक्ता ने खान की बर्खास्तगी की जानकारी साझा की है। वहीं अब सरकारी कार्रवाई के खिलाफ डॉक्टर कफील ने साफ कहा कि उनको इस सरकार से कभी इंसाफ की उम्मीद नहीं थी। मैंने कुछ गलत नहीं किया है इस बारे में आधिकारिक आदेश मिलने पर इसे चुनौती दूंगा। इंसाफ के लिए लड़ाई जारी रहनी चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि अदालत में न्याय के लिए लड़ेंगे।
वहीं अपनी बर्खास्तगी की रिपोर्टों पर हैरानी व्यक्त करते हुए डॉ खान ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि अदालत द्वारा उन्हें पहले क्लीन चिट देने के बावजूद उन्हें कैसे बर्खास्त कर दिया गया है। उन्होंने आगे कहा कि प्रधान सचिव आलोक कुमार ने बुधवार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज से मेरी बर्खास्तगी के बारे में एक बयान जारी किया था हालांकि, उन्हें अभी तक कोई समाप्ति पत्र नहीं मिला है।
आपको बता दें कि कफील खान को 7 अन्य लोगों के साथ अगस्त 2017 में निलंबित कर दिया गया था, जब अस्पताल में ऑक्सीजन की सप्लाई बाधित होने के बाद 60 से ज्यादा बच्चों की मौत हो गई थी। अब कफिल खान को छोड़कर 7 डॉक्टरों को बाद में बहाल कर दिया गया है। वहीं यूपी सरकार ने बाद में उन पर प्रदेश में सीएए विरोधी प्रदर्शनों के दौरान भड़काऊ भाषण देने के लिए मामला भी दर्ज किया था।












Click it and Unblock the Notifications