गोरखपुर: रोड पर दो प्रॉपर्टी डीलरों के बीच गैंगवार, चलती कार और बाइक से एक-दूसरे पर फायरिंग
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में दो प्रॉपर्टी डीलरों के बीच रोड पर गैंगवार हुआ। दोनों गुटों के लोग कैंट इलाके में चार किलोमीटर तक बाइक और कार से एक-दूसरे का पीछा कर फायरिंग करते रहे। इस गैंगवार को देख राह चलते लोग सहम गए और जान बचाने के लिए वे इधर-उधर भागते रहे। गोलीबारी में एक प्रॉपर्टी डीलर भी घायल हो गया। फायरिंग करते-करते एक बदमाश के हाथ में तमंचा फट गया जिससे वह जख्मी हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। गैंगवार की यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के क्षेत्र में हुई इस आपराधिक वारदात से शहर में दहशत का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, खारोबार निवासी सुनील पासवान और भगत चौराहा निवासी जितेंद्र यादव प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। जमीन को लेकर दोनों में विवाद हुआ। फिर कार से जा रहे सुनील पासवान और उसके साथियों को कैंट क्षेत्र के बिशुनपुरवा मोड़ पर जितेंद्र यादव और उसके साथियों ने घेर लिया। दोनों गुटों के बीच देखते ही देखते फायरिंग शुरू हो गई। इस दौरान करीब 10 राउंड फायरिंग की गई। इस बीच बाइक पर सवार जितेंद्र और साथी वहां से भागने लगे। सुनील ने अपने साथियों के साथ उनका पीछा किया और जितेद्र को पकड़ लिया। बीच रोड पर जितेंद्र की पिटाई करने के बाद उसके पेट और हाथ में गोली मार दी। घायल जितेंद्र को उसके साथियों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

वारदात की सूचना पर घटनास्थल पर पुलिस पहुंची। एसएसपी जोगिंदर कुमार के मुताबिक, जितेंद्र यादव नाम का युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल है। उसको उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है। मौके पर से मोटरसाइकिल बरामद हुई है। जितेंद्र ने पूछताछ में दो युवकों का नाम लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं। इस मामले में केस दर्ज कर आगे कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications