गोरखपुर डबल मर्डर: बसपा नेता की हत्या के बाद एक महीने में दूसरी बड़ी वारदात, सवालों के घेरे में कानून-व्यवस्था
गोरखपुर। एक तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने गढ़ को स्मार्ट सिटी बनाने में लगे हुए हैं तो दूसरी तरफ गोरखपुर में कानून-व्यवस्था सवालों के घेरे में है। मार्च महीने के दूसरे सप्ताह में जिला पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे बसपा नेता रितेश मौर्या को बदमाशों ने गोलियों से भून दिया था। इसी महीने की आखिरी तारीख 31 मार्च की रात में इलेक्ट्रॉनिक शॉप के मालिक शंभू मौर्या और दुकान के कर्मचारी संजय पांडेय को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। वारदात उस वक्त हुई जब शंभू मौर्या शॉप बंद करने की तैयारी कर रहे थे। मार्च महीने में हुई हत्या की दूसरी बड़ी वारदात से लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने गोरखपुर-वाराणसी नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। व्यापारी शंभू मौर्या की शादी एक साल पहले ही हुई थी। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और वो कहती रहीं कि मेरा तो संसार ही उजड़ गया।

गगहा इलाके में हुई वारदात
गोरखपुर के गगहा क्षेत्र में 33 साल के शंभू मौर्या इलेक्ट्रॉनिक शॉप चलाते थे। गीतांजलि इलेक्ट्रॉनिक शॉप को बुधवार रात करीब आठ बजे वो बंद कर रहे थे कि बाइक पर सवार दो बदमाशों ने शंभू मौर्या और उनके कर्मचारी संजय पांडेय पर गोलियां बरसाईं। वारदात को अंजाम देकर बदमाश वहां से फरार हो गए। लोगों ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस दोनों घायलों को अस्पताल ले गई जहां उनको डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। व्यापारी की हत्या किए जाने की जानकारी इलाके में फैली तो लोग आक्रोशित हो गए। व्यापारियों ने हाईवे को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस प्रशासन के आलाधिकारियों के समझाने पर करीब एक घंटे बाद जाम खत्म हो सका।

पुलिस कर रही मामले की जांच
वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस के आलाधिकारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एडीजी अखिल कुमार, डीआईजी डॉ प्रीतिंदर सिंह, डीएम के विजयेंद्र पांडियन और एसएसपी दिनेश कुमार पी भी आए। उन्होंने शंभू मौर्या के परिजनों और अन्य व्यापारियों से इस मामले में जानकारी ली। पुलिस आसपास की सीसीटीवी फुटेज की जांच कर बदमाशों को पकड़ने में जुट गई है। लोग इस वारदात के बाद सीएम सिटी में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। मार्च में ही बसपा नेता रितेश मौर्या की हत्या हुई थी जिसके हत्यारे अभी तक पुलिस की पहुंच से बाहर हैं। इलाके में डबल मर्डर के बाद तनाव फैला है जिसको देखते हुए पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है।

क्या दोनों हत्या में है कोई कनेक्शन?
गगहा में ही बसपा नेता रितेश मौर्या की हत्या 10 मार्च को हुई थी। वो जिला पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे थे। अब उनके करीबी रहे शंभू मौर्या का भी मर्डर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि दोनों हत्या चुनावी रंजिश की वजह से की गई हैं। हलांकि अभी वजह स्पष्ट नहीं है और पुलिस भी इस मामले में कुछ कहने से बच रही है। एसएसपी दिनेश कुमार पी ने कहा है कि हत्या के कारणों की पड़ताल की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शंभू मौर्या के परिजन भी इस मामले में अभी कुछ नहीं बता पा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications