ADG अखिल कुमार ने गोरखपुर में शुरू की यह खास पहल, फरियादियों ने कहा- ऐसा पहले नहीं हुआ
Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव गृह व डीजीपी विजय कुमार ने एक आदेश जारी किया। इस आदेश के जारी होते ही इसे तत्काल संज्ञान में लेते हुए एडीजी जोन अखिल कुमार कैंट थाने पहुंच गए। कैंट थाने जाकर एडीजी ने एक खास पहल की। एडीजी ने थाने आ रहे फरियादी का हाथ जोड़कर स्वागत किया, उसका हालचाल पूछा और उसके बैठने को कहा। जोन के प्रत्येक थानों पर आने वाले फरियादियों को ऐसा ही सम्मान मिलेगा। जिसकी शुरुआत कैंट थाने से हुई है।
एडीजी अखिल कुमार ने बताया कि प्रमुख सचिव गृह व डीजीपी ने प्रदेश की जनता को सर्वोपरि रखते हुए उनके सम्मान का विशेष ध्यान दिया है। उन्होंने निर्देश जारी किया है कि हर थाने में महिला सिपाही या उनके न होने पर पुरुष सिपाही आने वाले फरियादियों का कुर्सी से खड़े होकर हाथ जोड़कर नमस्ते कर अभिवादन करेंगे। उसके बाद फरियादी को जल पिलाया जाएगा। फिर फरियादी को थाना प्रभारी के कक्ष में बैठाकर सम्मानपूर्वक उनकी फरियाद सुनी जाएगी और उसका निस्तारण किया जाएगा। ताकि मित्र पुलिस की अवधारणा साकार हो सके। यह प्रतिदिन किया जाएगा।

एडीजी ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता अपराध व अपराधियों पर अंकुश लगाने के साथ ही आम जनता को सुरक्षा व सम्मान देना है। जनता सर्वोपरि है। इसलिए थाने पर तैनात प्रत्येक पुलिसकर्मी को इस बात का विशेष ध्यान रखना होगा कि किसी भी फरियादी के साथ अभद्रता न होने पाए। उसकी समस्याएं गंभीरता से सुनी जाएं और उसका त्वरित निस्तारण किया जाए।
कैंट थाने पर अपनी फरियाद लेकर आए फरियादी ने कहा कि एडीजी सर ने जो सम्मान दिया है, उसकी मैं कभी कल्पना भी नहीं कर सकता। इससे पहले मुझे थाने पर यह सम्मान कभी नहीं मिला। पुलिस का यह प्रयास आमजन के हित में सराहनीय है।












Click it and Unblock the Notifications