Gorakhpur News: जमीन विवाद में दबंगों ने दिव्यांग को जलाया जिंदा, पुलिस ने की यह बड़ी कार्रवाई
Gorakhpur News: गोरखपुर में जमीन विवाद में दबंगों ने घर के बाहर सो रहे दिव्यांग की जलाकर हत्या कर दी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी है। घटना की जानकारी मिलते ही एडीजी अखिल कुमार, डीएम कृष्णा करुणेश सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इस मामले में पुलिस ने बहन की तहरीर पर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, गोरखपुर के चौरी-चौरा क्षेत्र के देवीपुर गांव में रविवार देर रात घर के बाहर सो रहे दिव्यांग सुरेंद्र यादव (25) को गांव के कुछ मनबढ़ों ने जिंदा जलाकर कर मार दिया। देर रात आग उठता देख पड़ोसी ने इसकी सूचना परिजनों को दी। जब तक ग्रामीण या परिवार के लोग आग पर काबू पाते तब तक सुरेंद्र की मौत हो चुकी थी।

इस मामले में बहन ने गांव के प्रधान पर हत्या का आरोप लगाते हुए उनके पति सहित अन्य लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छह आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
इस बात को लेकर चल रहा था विवाद दिव्यांग सुरेंद्र मां और भाई जोगेंद्र के साथ घर पर रहता था। उसके घर के पास स्थित सरकारी भूमि पर ग्राम प्रधान के पति लालबचन पानी की टंकी बनवाना चाह रहे हैं। सुरेंद्र और उसके परिवार के लोग इसका विरोध करते थे। एक सप्ताह पहले पैमाइश के दौरान प्रधान के पति से सुरेंद्र और उसके पट्टीदारों की कहासुनी भी हुई थी।
एएसपी चौरी चौरा मानुष पारीक ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पूछताछ के लिए प्रधान के पति को हिरासत में लिया गया है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications