Ghazipur: पहले मारा पीटा फिर चटवाया थूक, नेता ने दी प्रेमी जोड़े को तालिबानी सजा, वीडियो हुआ वायरल
ताजा मामले में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में प्रेमी जोड़े को तालिबानी सजा देने का मामला सामने आया है। यही नहीं वीडियो में आरोपी शख्स पीड़ित युवती से थूक चाटने को भी बोल रहा है।

आज से करीब 7 साल पहले अफगानिस्तान के पश्चिमी घोर प्रांत में एक महिला और पुरुष को सरेआम 100 कोड़े मारना का मामला खासा चर्चा में रहा था। दोनों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया था और व्यभिचार के आरोप में उन्हें सजा दी गई। इस दौरान दर्जनों लोग घटनास्थल पर मौजूद थे और अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्डिंग कर रहे थे। 1996 से 2001 तक तालिबानी शासन के दौरान इस तरह की सजा देना आम था। लेकिन 2022 में उत्तर प्रदेश के गाज़ीपुर में आज भी यह सजा दी जाती है। ताजा मामले में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में प्रेमी जोड़े को तालिबानी सजा देने का मामला सामने आया है। यही नहीं वीडियो में आरोपी शख्स पीड़ित युवती से थूक चाटने को भी बोल रहा है।

प्रेमिका को थूक चाटने के लिए किया मजबूर
दरअसल, पूरा मामला गाज़ीपुर के बहरियाबाद थाना क्षेत्र के भाला बुजुर्ग ग्राम का है। यहां का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमे एक लड़की की बड़ी ही बेरहमी से पिटाई की जा रही है। पीटने वाला व्यक्ति लात घूंसो से पहले एक लड़की को मारता पीटता है और फिर उसके प्रेमी के साथ भी मारपीट करता है। उसकी दरिंदगी यही तक सीमित नहीं रहती बल्कि इस वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि मारपीट के दौरान आरोपी डंडे से पीटते हुए प्रेमी और प्रेमिका को थूक चाटने तक को मजबूर कर देता है।
जानकारी अनुसार वीडियो में पिटाई करने वाला व्यक्ति गांव का प्रधान बृजेश यादव है। बताया जा रहा है कि पीड़ित युवक और युवती इसी ग्राम के रहने वाले हैं और दोनों का पिछले काफी दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों पीड़ित एक दूसरे से शादी भी करना चाहते थे लेकिन इसकी जानकारी ग्राम प्रधान को हो गई। इसके बाद गुस्साए ग्राम प्रधान ने नियम और कायदे कानून को ताक पर रखकर प्रेमिका और प्रेमी को अपने घर बुलाया और यह तालिबानी सजा दे डाली।

मंदिर में जाकर कर ली थी शादी
वही इस मामले पर पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ओमवीर सिंह से जब बात की गई तो उन्होंने बताया कि अभी-अभी सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा था जिसमे एक महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा है। साथ ही वह थूक कर चाटने की भी बात कर रहा है। यह वीडियो थाना बहरियाबाद क्षेत्र का बताया जा रहा है। इसकी पुष्टि कराई जा रही है जिसके लिए थाना अध्यक्ष और संबंधित क्षेत्र अधिकारी को इसी काम पर लगाया गया है। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ कठोरतम से कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रेमिका के परिवार वालों ने उसकी कहीं शादी तय कर दी थी लेकिन आज प्रेमी युगल ने किसी मंदिर में जाकर शादी कर ली। उसके बाद उक्त व्यक्ति के द्वारा दोनों को अपने आवास पर ले जाकर इस तरह की तालिबानी सजा दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications