'बटेंगे तो कटेंगे' बयान पर गाजीपुर MP अफजाल अंसारी का पलटवार, CM योगी ही नहीं BJP पर भी उठाए सवाल
Ghazipur MP Afzal Ansari: बीते दिन उत्तर प्रदेश में कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बांग्लादेश में हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा था कि 'एक रहेंगे तो नेक रहेंगे' और 'बटेंगे तो कटेंगे'। इस बयान पर गाजीपुर के सपा सांसद की प्रतिक्रिया आई है।
गाजीपुर जनपद से समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी ने मुख्यमंत्री के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि देश के लोगों को बांटने का काम भारतीय जनता पार्टी ने किया है। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा द्वारा ही ऐसे कार्य किए जाते हैं।

गाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बांग्लादेश और श्रीलंका में जो भी हुआ है वह दुखद है। ऐसा किसी भी देश में नहीं होना चाहिए। आगे उन्होंने यह भी कहा कि इन देशों में जो कुछ हुआ उससे स्पष्ट है कि जनता सबसे बड़ी है।
भाजपा के लोग देते हैं ऐसा बयान
सांसद अफजाल अंसारी ने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी के द्वारा लोगों को बांटने का काम किया जाता है। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेताओं द्वारा ही कभी मिट्टी में मिलाने, तो कभी ठोक देने, कभी जला देने की बात कही जाती है।
वहीं उत्तर प्रदेश में आगामी दिनों में 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उप चुनाव को लेकर भी अफजाल अंसारी द्वारा बयान दिया गया। उन्होंने कहा कि यूपी में होने जा रहे 10 विधानसभा सीटों को लेकर भारतीय जनता पार्टी को चिंता सता रही है। अफजाल का इशारा था कि इसीलिए इस तरीके का बयान दिया जा रहा है।
दोषियों पर कार्रवाई में न की जाए भेदभाव
कोलकाता में डॉक्टर के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या के मामले पर बोलते हुए सपा सांसद अफजाल अंसारी ने कहा कि ऐसे मामलों की जांच करते हुए दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि दोषी को सख्त से सख्त सजा मिले। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि दुष्कर्म की घटनाओं के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई में कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications