मोदीनगर हादसा: मोमबत्ती फैक्ट्री मालिक को पुलिस ने किया गिरफ्तार
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के मोदीनगर क्षेत्र में मोमबत्ती फैक्ट्री में रविवार को भीषण आग लग गई जिसमें 8 लोगों की जलकर मौत हो गई। इस हादसे की जांच के लिए एसएसपी ने पुलिस टीम बना दी है। पुलिस ने 18 घंटे के अंदर मोमबत्ती फैक्ट्री मालिक नितिन को पकड़ने में सफलता पाई है। हादसे के बाद गुस्साए गांव वालों की मांग थी कि फैक्ट्री मालिक को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाय। पुलिस फैक्ट्री मालिक को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ कर रही है।

एसएसपी ने इस बारे में बताया
गिरफ्तारी के बारे में जानकारी देते हुए एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि पांच जुलाई को पुलिस को करीब चार बजे के लगभग मोदीनगर थाना क्षेत्र के बखरवा में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मौके पर फायर टेंडर भेजकर रेस्क्यू किया गया था। गांव वालों ने मुकदमा दर्ज कराया था।

एसएसपी ने कहा कि इस मामले में मुख्य अभियुक्त नितिन चौधरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसने पूछताछ में बताया है कि वह मोमबत्ती का भंडारण और पैकिंग का काम करता था। उससे और पूछताछ कर मामले की आगे जांच की जा रही है। सरकार ने हादसे में मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है।

सीएम योगी ने तलब की रिपोर्ट
मोदीनगर में हुए हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेते हुए इसकी जांच रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने घटना के बाद डीएम और एसएसपी को मौके पर जाने के निर्देश दिए थे। हादसा रविवार दोपहर करीब 3 बजकर 40 मिनट पर हुआ। इसमें आठ लोगों की मौत हो गई जिनमें से सात महिलाएं हैं। हादसे के समय कई मजदूर फैक्ट्री में मौजूद थे। हादसे में 20 से ज्यादा लोग घायल हैं जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलने पर मुख्ममंत्री के निर्देश पर डीएम और एसएसपी मौके पर पहुंचे। घायलों के इलाज के लिए एंबुलेंस और डॉक्टरों की टीम को तत्काल मौके पर बुलाया गया था।












Click it and Unblock the Notifications