CCTV VIDEO : पिता ने डांटा तो रेल की पटरी पर लेट गया नाराज बेटा, GRP इंस्पेक्टर ने बचाई जान
यूपी के फिरोजाबाद में एक छात्र पिता की डांट से नाराज होकर अपनी जान ही देने चला गया। छात्र गुस्से में रेलवे स्टेशन पहुंचा और ट्रैक पर लेट गया। छात्र को पटरी पर लेटा देख जीआरपी इंस्पेक्टर ने दौड़ लगा दी और उसे बचा लिया। छात्र को ट्रैक से हटाते ही ट्रेन वहां आ गई। अगर समय रहते छात्र को हटाया नहीं जाता तो उसकी जान भी जा सकती थी। घटना रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। सोशल मीडिया पर यूजर्स जीआरपी इंस्पेक्टर की मुस्तैदी को सलाम कर रहे हैं।

पिता ने कहा था - दोबारा मुंह मत दिखाना मुझे...
जीआरपी के सब इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि युवक ने पूछताछ में बताया कि उसको उसके पिताजी ने डांट दिया था। ये भी कहा था कि दोबारा अपना मुंह मत दिखाना। इसी को लेकर ही युवक परेशान था और गुस्से में उसने रेलवे स्टेशन पर आत्महत्या करने का मन बना लिया। युवक रेलवे स्टेशन पहुंचा और रेल की पटरी पर जान देने के लिए लेट गया।

ITI का छात्र है युवक
युवक आईटीआई का छात्र है। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को छात्र की अपने पिता से कुछ कहासुनी हो गई। इस दौरान पिता ने उसे डांट लगा दी। वह नाराज होकर जान देने चल दिया। गुरुवार दोपहर 12 बजे वह रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर ट्रेन की पटरी पर लेट गया।

रेलवे स्टेशन के CCTV में कैद हुई पूरी घटना
युवक को रेलवे ट्रैक पर लेटा देख मौके पर हड़कंप मच गया। रेलवे स्टेशन पर मौजूद जीआरपी के सब इंस्पेक्टर संतोष कुमार की नजर भी युवक पर पड़ी। वह तुरंत मौके पर दौड़े और युवक को पटरी से हटा कर प्लेटफार्म पर ले आए। पूरी घटना रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।












Click it and Unblock the Notifications