Firozabad Accident: ऑटो और कार की भयानक टक्कर, दूर जाकर गिरी सवारियां, 3 की दर्दनाक मौत
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमे कार और आटो की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में तीन अन्य लोग घायल भी हुए हैं, वहीं हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
बता दें कि फ़िरोज़ाबाद के थाना शिकोहाबाद क्षेत्र में मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे एटा चौराहा पर ये हादसा हुआ। इस दौरान करीब पांच सवारियां भरकर ऑटो शिकोहाबाद से जसराना आ रहा था। ऑटो मां अंजनी स्कूल के समीप पहुंचा ही था कि तभी जसराना से आ रही वैगन-आर कार संख्या यूपी 83 ए-7930 की आमने-सामने की टक्कर हो गई।

हादसा इतना भीषण था कि ऑटो में सवार यात्री दूर जाकर गिरे। वहीं एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चालक समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घायलों को फौरन संयुक्त चिकित्सालय भेजा। यहां इमरजेंसी में तैनात स्टाफ ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। ट्रॉमा सेंटर में तैनात डॉक्टर ने परीक्षण के बाद तीन को मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे में चालक अजय कुमार (16), महिला रिंकी (35) और एक युवक ने दम तोड़ दिया। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। वहीं दो सगे भाई कीमत (16) और किश्मत (18) व युवती मुन्नी चौहान की नाजुक हालत में इलाज चल रहा है। खबर पाकर सभी के परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंच गए। हादसे में कार चालक मौका पाकर भाग गया। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications