Weapons Import: दुनिया में सबसे ज्यादा हथियार खरीदता है भारत, जानें कुल आयात कितना
1950 से लेकर 2022 तक India ने कुल $1,34,906 मिलियन के हथियारों की खरीद की हैं। इन बीते दशकों में भारत ने अपने हथियार आयात में 2019% का इजाफा किया है।

Weapons Import: स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (सिपरी) ने एक रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट में बताया गया है कि दुनिया का सबसे बड़ा हथियार खरीदने वाला देश भारत है।
हाल ही में जारी रिपोर्ट में सिपरी ने बताया कि 2022 में भारत ने कुल $2,846 मिलियन मूल्य के हथियारों का आयात किया था। 2021 में यही आंकड़ा $4,167 मिलियन मूल्य के हथियारों का था। इन दो सालों में भारत ने कुल 14 देशों से हथियार खरीदे थे।
पिछले साल भारत ने रूस से सबसे ज्यादा हथियार खरीदे। यह सौदा कुल $1,342 मिलियन का था। वहीं पिछले साल भारत ने रूस के बाद फ्रांस से सबसे ज्यादा हथियार खरीदे। यह सौदा $831 मिलियन था। जबकि 2021 में भारत ने फ्रांस से $1,959 मिलियन के हथियार खरीदे।
पिछले एक दशक में स्थिति
भारत ने पिछले एक दशक में 19 देशों से कुल $37,143 मिलियन के हथियार आयात किए हैं। इस दौरान लगभग 57 प्रतिशत यानी $21,766 मिलियन के हथियार रूस से आयात किए हैं। रूस के बाद फ्रांस से $5,206 मिलियन और अमेरिका $4,517 मिलियन के हथियारों की खरीदारी की गयी है।
आजादी के बाद से अबतक
भारत ने 1950 में सबसे पहले हथियारों का आयात शुरू किया। उस साल $141 मिलियन के सभी हथियारों अमेरिका से मंगाए गये थे। गौरतलब है कि 1950 से लेकर 2022 तक भारत ने कुल $1,34,906 मिलियन के हथियारों की खरीद की हैं। इन बीते दशकों में भारत ने अपने हथियार आयात में 2019% का इजाफा किया है।
किन हथियारों को खरीदा
आजादी के बाद अब तक सबसे ज्यादा सैन्य लड़ाकू विमानों का सौदा किया गया है। इस दौरान भारत ने कुल $65,993 मिलियन के सैन्य विमानों का आयात किया। 2013 में सबसे ज्यादा लड़ाकू विमान खरीदे गये। उस साल भारत ने कुल $2,800 मिलियन के विमानों का आयात किया था। जबकि 2022 में $836 मिलियन के विमान भारत आये।
भारत ने दूसरा सबसे ज्यादा आयात बख्तरबंद गाड़ियों का किया है। आजादी के बाद से अब तक $19,234 मिलियन की बख्तरबंद गाड़ियों को खरीदा जा चुका हैं। इसके बाद तीसरा सबसे ज्यादा आयात सैन्य जहाजों का किया है। आजादी के बाद से अबतक $17,603 मिलियन के सैन्य जहाजों को खरीदा गया है।
हथियारों का निर्यात
आजादी के बाद से 2022 तक भारत ने कुल $808 मिलियन के हथियारों का निर्यात किया है। पिछले साल भारत ने $11 मिलियन के हथियारों का निर्यात किया था। भारत से सबसे ज्यादा हथियार खरीदने वाला देश म्यांमार है। गौरतलब है कि इस देश ने भारत से कुल $207 मिलियन के हथियार निर्यात यानी खरीदे हैं।
भारत ने अपना पहला हथियार निर्यात 1959 में किया था। तब भारत ने घाना को एक मिलियन के हथियार निर्यात किए थे। जबकि 2020 में सर्वाधिक $151 मिलियन के हथियार दुनिया के अलग-अलग देशों को निर्यात किए थे। इन हथियारों में सबसे ज्यादा सैन्य जहाज बेचे गए हैं। अब तक भारत ने कुल $396 मिलियन के सैन्य जहाज निर्यात किए हैं।
क्या है सिपरी
स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (सिपरी) एक स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय रिसर्च करने वाली संस्था है। यह अंतरराष्ट्रीय विवादों, हथियार नियंत्रण, आर्ममेंट और डिस्आर्ममेंट, सैन्य खर्च, हथियारों के हस्तांतरण, और उभरते सुरक्षा खतरों जैसे विषयों पर रिसर्च करती है।
सिपरी की स्थापना 1966 में स्वीडिश सरकार द्वारा स्वीडिश सेना की सैन्य अकादमी की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर की गई थी। यह स्टॉकहोम में स्थित है। सिपरी को ज्यादातर शांति और सुरक्षा के क्षेत्र में अग्रणी रिसर्च संस्थानों में से एक माना जाता है।
यह भी पढ़ें: भारत खरीदता है दुनिया में सबसे ज्यादा हथियार, तीसरे नंबर पर पहुंचा यूक्रेन, अमेरिका बना हुआ है आर्म्स लीडर












Click it and Unblock the Notifications