79 साल की बुजुर्ग महिला की वायरल कहानी: औरत होना गुनाह नहीं और अकेले जीना अपराध नहीं
79 साल की इस बुजुर्ग महिला की कहानी ये बताती है कि हर महिला का उसके जीवन पर पूरा अधिकार है, वो केवल मां-बहन-बेटी-बहन और पत्नी के रूप में बंटने के लिए पैदा नहीं हुई है।
नई दिल्ली। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक 79 वर्ष की महिला का फेसबुक पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है, इस पोस्ट को पढ़ने के बाद हर उस इंसान के गाल पर चांटा पड़ जाएगा, जिन्हें ये लगता है कि एक महिला का जीवन केवल शादी और बच्चे पैदा करने तक ही सीमित होता है, और उसे अकेले जीने का कोई हक नहीं।
औरत केवल शादी करने के लिए नहीं पैदा होती है
Humans of India नामक फेसबुक पोस्ट पर एक ऐसी महिला का जिक्र है, जिसकी उम्र ने भले ही 79 का आंकड़ा पार कर लिया हो, लेकिन उनका दिल और काम के प्रति जज्बा आज भी जवान है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस संदेश में बताया गया कि लड़की होने के बावजूद इस महिला ने शादी ना करने का फैसला किया।
औरत बिना सहारे के अपने दम पर जी सकती है
उनके पिता से उन्होंने खुलकर कहा कि वो शादी तभी करेंगी जब उन्हें कोई अच्छा लगेगा लेकिन शादी करने के लिए वो शादी नहीं करेंगी और ना ही वो इस बात से इत्तफाक रखती हैं कि एक लड़का उन्हें देखने आए और वो हाथ में चाय की ट्रे लेकर उनका स्वागत करे और उसके हां या ना पर उनकी लाइफ का फैसला हो। इस महिला के पिता ने अपनी बेटी की बातों का सम्मान किया और आजादी दी।
लोगों के सामने आदर्श व्यक्तित्व
उम्र के इस पड़ाव पर वो अपने आप को बिल्कुल अकेला महसूस नहीं करती हैं, क्योंकि उनके पास काफी सोशल कान्टेक्ट हैं। यही नहीं पिछले 16 सालों से ये पुणे के ट्रैफिक प्राब्लम को संतुलित करने का काम कर रही हैं। ये निराधार ट्रस्ट नामक संस्था के साथ जुड़ी हुई हैं और अपनी जिंदगी को पूरे लुत्फ के साथ जी रही हैं। ये इस उम्र में स्कूटर और कार चलाती हैं और रिटायरमेंट का भी इनका कोई इरादा नहीं हैं।
महिला होना गुनाह नहीं और अकेले जीना अपराध नहीं
इनका मानना है कि जब तक इनका शरीर इनका साथ देगा वो तब तक काम करती रहेंगी। इन्होंने कई ट्राफियां भी जीती हैं और लोगों के सामने एक आदर्श तस्वीर पेश की है कि महिला होना गुनाह नहीं और अकेले जीना अपराध नहीं, हर महिला का उसके जीवन पर पूरा अधिकार है, वो केवल मां-बहन-बेटी-बहन और पत्नी के रूप में बंटने के लिए पैदा नहीं हुई है।
इस पोस्ट को अब तक सैकड़ों की संख्या में लोग शेयर कर चुके हैं और सौ से ज्यादा लोग इस पोस्ट पर कमेंट भी कर चुके हैं...













Click it and Unblock the Notifications