National Science Day 2025: डॉ. सी.वी. रमन की वो खोज, जिसने विज्ञान की दुनिया को चौंका दिया, रोचक फैक्ट्स
National Science Day 2025: आज नेशनल साइंस डे 2025 है। हर साल 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस (National Science Day) मनाया जाता है। यह दिन भारतीय विज्ञान के महानतम वैज्ञानिकों में से एक डॉ. चंद्रशेखर वेंकट रमन (डॉ. सी.वी. रमन) की अद्भुत खोज 'रमन इफेक्ट' (Raman Effect) के सम्मान में मनाया जाता है।

28 फरवरी 1928 को डॉ. रमन ने भारतीय विज्ञान की ताकत का परिचय दुनिया को कराया था। इस उपलब्धि पर उनको 1930 में भौतिकी के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। आइये जानते हैं राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का महत्व और रमन इफेक्ट की खोज ने कैसे विज्ञान की दुनिया को चौंका दिया
रमन इफेक्ट क्या है? (Dr. C.V Raman Effect Kya hai)
रमन इफेक्ट प्रकाश के प्रकीर्णन (scattering of light) से जुड़ी एक महत्वपूर्ण खोज है। जब प्रकाश किसी पारदर्शी माध्यम से गुजरता है, तो उसकी तरंग दैर्ध्य में परिवर्तन आता है। इसे ही रमन प्रभाव कहा जाता है। इस खोज ने भारतीय विज्ञान को दुनियाभर में पहचान दिलाई और रमन को विश्व के महान वैज्ञानिकों की सूची में शामिल किया।
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस की शुरुआत (National Science Day History)
1986 में राष्ट्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी संचार परिषद (NCSTC) ने केंद्र सरकार से यह अनुरोध किया कि 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के रूप में मनाया जाए। सरकार ने इस अनुरोध को स्वीकार कर लिया और 28 फरवरी 1987 को पहली बार राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया गया। तब से यह दिन हर साल मनाया जाता है, ताकि लोग विज्ञान के महत्व को समझ सकें और युवा पीढ़ी में वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित किया जा सके।
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का महत्व (National Science Day Importance)
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस केवल एक वैज्ञानिक घटना की याद नहीं है, बल्कि यह युवा पीढ़ी को विज्ञान में रुचि बढ़ाने, विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में नई खोजों को प्रोत्साहित करने और वैज्ञानिक सोच को विकसित करने के लिए भी एक प्रेरणा है। इस दिन का उद्देश्य देश में विज्ञान और तकनीकी विकास को बढ़ावा देना है। भारत सरकार इस दिवस को नई दिल्ली के विज्ञान भवन के प्लेनरी हॉल में बड़े धूमधाम से मनाती है। इसके अतिरिक्त, विभिन्न विद्यालयों, कॉलेजों, और वैज्ञानिक संस्थानों में इस दिन के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2025 की थीम (National Science Day 2025 Theme)
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2025 की थीम 'विकसित भारत के लिए विज्ञान और नवाचार में भारतीय युवाओं को सशक्त बनाना' (Empowering Indian Youth in Science and Innovation for a Developed India) है। यह थीम भारतीय युवाओं को विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में सक्रिय रूप से शामिल होने और नए विचारों के साथ समाज में परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित करती है।
डॉ. सी.वी. रमन के प्रेरक विचार (Dr. C.V Raman Quotes in Hindi)
गलतियों से सीखने का महत्व: "मैं अपनी असफलता का खुद ही जिम्मेदार हूँ। अगर मैं कभी असफल नहीं हुआ तो मैं कैसे सीख सकता हूँ?"
वैज्ञानिक उन्नति: "विज्ञान का सार स्वतंत्र सोच और कड़ी मेहनत है, उपकरण नहीं।"
जिज्ञासा और खोज: "सत्य और सौंदर्य की खोज एक ऐसी गतिविधि है जिसमें हमें जीवन भर बच्चे बने रहने की अनुमति है।"
वैज्ञानिक दृष्टिकोण: "हर महान खोज एक विचार से शुरू होती है, जिसे अज्ञात में गहराई तक जाने के जुनून द्वारा पोषित किया जाता है।"
ज्ञान का स्रोत: "सच्चा ज्ञान रटने से नहीं, बल्कि जिज्ञासा और खोज करने की इच्छा से प्राप्त होता है।"
सफलता और समर्पण: "सफलता आपके सामने मौजूद कार्य के प्रति साहसी समर्पण से आ सकती है।"












Click it and Unblock the Notifications