Military Parade: भारत के अलावा दुनिया के इन देशों में भी निकलती है मिलिट्री परेड
हर साल गणतंत्र दिवस यानी 26 जनवरी को भारत में भव्य मिलिट्री परेड का आयोजन किया जाता है। भारत के अलावा दुनिया के कई देशों में भी मिलिट्री परेड निकाली जाती हैं।

Military Parade: भारत ने 26 जनवरी को अपना 74वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया। 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू होने के बाद हर साल इस मौके पर एक परेड का आयोजन किया जाता है। भारत अमेरिका, रूस और चीन के बाद दुनिया का चौथा सबसे बड़ा सैन्य क्षमता वाला देश है। हर साल गणतंत्र दिवस के मौके पर भारत अपनी सैन्य शक्ति का प्रदर्शन परेड के माध्यम से करता है, जिसमें आधुनिक हथियारों और सैन्य टुकड़ियों के साथ-साथ राज्यों की सांस्कृतिक झलकियां निकाली जाती हैं। भारत के अलावा कई और भी देश हैं, जहां अलग-अलग मौकों पर मिलिट्री परेड निकाली जाती हैं।
पाकिस्तान डे परेड
पाकिस्तान में हर साल 23 मार्च को मिलिट्री परेड का आयोजन किया जाता है, जिसे पाकिस्तान डे परेड या नेशनल ज्वांइट सर्विस परेड के नाम से जाना जाता है। वहां, परेड की शुरुआत 1956 में हुई क्योंकि इसी दिन पाकिस्तान का पहला संविधान लागू हुआ था। पहली परेड का कराची में आयोजन किया गया था, जिसकी सलामी पाकिस्तान के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति इस्कंदर अली मिर्जा ने ली थी।
इसके बाद से पाकिस्तान के अलग-अलग शहरों जैसे लाहौर, रावलपिंडी, पेशावर, क्वेटा, मुल्तान, बहावलपुर, रहीम यार खान और झेलम में परेड आयोजित की जाने लगी। 1961 में इस परेड का नाम 'पाकिस्तान डे परेड' रखा गया। पाकिस्तान में भी लड़ाकू विमानों, सैन्य टुकड़ियों और हथियारों की प्रदर्शनी की जाती हैं।
तुर्कमान इंडिपेंडेंस डे परेड
सोवियत संघ से 1991 में अलग हुए तुर्कमेनिस्तान में हर साल 27 अक्टूबर को इंडिपेंडेंस डे परेड का आयोजन किया जाता है। पहले यह परेड हर साल आयोजित नहीं होती थी, लेकिन 1997 से हर साल होने लगी है। शुरुआती सालों में यह मखतुमकुली एवेन्यू में होती थी। 1997 से लेकर अभी तक हर साल इसे इंडिपेंडेंस स्कवायर में आयोजित किया जाता है। इसमें तुर्कमेनिस्तान के रक्षा मंत्री की अध्यक्षता में मिलिट्री के जवान, एयरफोर्स और नेवल फोर्स हिस्सा लेते हैं। इस परेड का समापन इंडिपेंडेंट ऑनर गार्ड बटालियन के ड्रील टीम द्वारा किया जाता है। इसमें तुर्कमेनिस्तान के पांच क्षेत्रों अहल, बालकन, डाशोगुज, लीबप और मेरी के प्रतिनिधि भी शामिल होते हैं।
विक्ट्री डे परेड, रूस
रूस में हर साल 9 मई को विक्ट्री डे परेड आयोजित की जाती है। यह परेड 9 मई 1945 के बाद से हर साल आयोजित की जाती है। दरअसल, द्वितीय विश्व युद्ध में इसी दिन नाजी जर्मनी पर रूसी सेना ने विजय प्राप्त की थी। 1945 से लेकर अब तक केवल चार बार यह परेड रूस की राजधानी मास्को में आयोजित की गई हैं। मास्को के अलावा मिंस्क, कीन, अस्टाना समेत कई शहरों में इसका आयोजन किया जा चुका है। पुराने सोवियत संघ के सबसे बड़े देश के तौर पर रूस अपनी परेड में अपने टैंक, मिसाइल, लड़ाकू विमान आदि की प्रदर्शनी करता है।
कीव इंडिपेंडेंस डे परेड, यूक्रेन
सोवियत संघ से अलग हुए यूक्रेन में 24 अगस्त को इंडिपेंडेंस डे परेड का आयोजन किया जाता है। पहली परेड राजधानी कीव में साल 1994 में आयोजित की गयी थी। 1997 में आयोजित इस परेड में बड़े पैमाने पर एविएशन शो का प्रदर्शन किया गया था। फिर 1998 में पहली बार परेड में मिलिट्री वाहनों को शामिल किया। वहीं, 2001 में आजादी की 10वीं सालगिरह पर सबसे लंबी परेड निकाली गयी। पिछले साल से रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध की वजह से इस परेड का आयोजन नहीं हो सका है। सोवियत संघ से अलग होने वाले एक और देश आर्मेनिया में भी हर साल 23 अगस्त को इंडिपेंडेंस डे परेड का आयोजन किया जाता है, जिसमें आर्मेनियन सेना अपनी ताकत दिखाती है।
बास्टील डे परेड, पेरिस
पेरिस में आयोजित होने वाली बास्टील डे परेड को 14 जुलाई मिलिट्री परेड भी कहा जाता है। 1880 से हर साल आयोजित होनी वाली यह सबसे पुरानी मिलिट्री परेड्स में से एक है। इसमें फ्रांस अपनी सैन्य शक्ति का प्रदर्शन करता है। इसमें एयरफोर्स और नेवल एविएशन के साथ-साथ ग्राउंड आर्मी भी हिस्सा लेती हैं। नेपोलियन के शासन काल में शुरू हुई इस परेड को 1880 से 1914 के बीच लॉन्ग चैंप रेस कोर्स में आयोजित किया जाता था। 1919 में पहले विश्वयुद्ध में इस परेड में फ्रांस के सभी मित्र देशों ने शिरकत की थी।
नेशनल डे परेड, चीन
Recommended Video

चीन में हर साल 1 अक्टूबर को नेशनल डे परेड का आयोजन किया जाता है। इस परेड में चीन अपनी मिलिट्री ताकत का प्रदर्शन करता है। 1 अक्टूबर 1949 को पहली बार इस मिलिट्री परेड का आयोजन किया गया था। चीन के इस परेड में लिब्रेशन आर्मी, आर्म्ड पुलिस के साथ-साथ चीनी कम्युनिस्ट पार्टी का सिविलियन ग्रुप भी शामिल होता है। चीन का मिलिट्री परेड हर दशक में एक बार आयोजित किया जाता है। साल 2019 में आयोजित हुए 70वें एनिवर्सरी में चीन ने सबसे बड़े मिलिट्री परेड का आयोजन किया था।
यह भी पढ़ें: Republic Day Parade: राजपथ से कर्तव्य पथ की यात्रा का सफर












Click it and Unblock the Notifications