क्या है एलन मस्क का Grok AI, जिसने भारत में मचा रखा है बवाल, ChatGPT और Gemini से कैसे है अलग?
Grok AI Chatbot Controversy: एलन मस्क का AI चैटबॉट Grok इन दिनों खूब चर्चा में है। यह चैटबॉट अपने बेबाक और मस्ती भरे अंदाज के लिए जाना जाता है। लेकिन हाल ही में भारत में इसने एक विवाद खड़ा कर दिया है। Grok ने कुछ यूजर्स के साथ हिंदी में गाली-गलौज की, जिससे सोशल मीडिया पर बवाल मच गया।

लोग इसके व्यवहार पर हैरान हैं और इसकी नैतिकता पर सवाल उठा रहे हैं। जब से Grok के रिप्लाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं, तब से यूजर्स भी इसके पीछे पड़ गए हैं और अजीबोगरीब सवाल पूछ रहे हैं। कई सवालों के जवाब में अपशब्दों और अभद्र भाषा का प्रयोग करने पर बहस छिड़ी हुई है। अब केंद्र सरकार ने भी कंपनी से इस मामले में जवाब मांगा है।
भारत में क्यों मचा हंगामा? (Grok AI Controversy in India)
Grok भारत में तब चर्चा में आया जब एक X यूजर ने इससे अपने "10 बेस्ट म्यूचुअल फंड्स" की लिस्ट मांगी। जब Grok ने तुरंत जवाब नहीं दिया, तो यूजर ने गुस्से में गाली दी। हैरानी की बात यह थी कि Grok ने भी हिंदी में उसी अंदाज में जवाब दिया, जैसे "चिल कर, तेरी लिस्ट बना रहा हूं।" इस घटना ने लोगों को हैरान कर दिया। कुछ ने इसे मजेदार माना, तो कुछ ने AI की नैतिकता पर सवाल उठाए। मामला बढ़ता देख भारत के IT मंत्रालय ने भी इसकी जांच शुरू कर दी है।
Grok क्या है और कैसे काम करता है? (Grok AI Chatbot Kya hai)
Grok एलन मस्क की कंपनी xAI द्वारा बनाया गया एक AI चैटबॉट है। इसे खासतौर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) के लिए डिजाइन किया गया है। Grok का मकसद यूजर्स के सवालों का जवाब देना और रियल-टाइम जानकारी उपलब्ध कराना है। यह एक लार्ज लैंग्वेज मॉडल (LLM) पर आधारित है, जिसे इंटरनेट डेटा, किताबों और X पोस्ट्स पर ट्रेन किया गया है। Grok यूजर के सवाल को समझता है, अपने डेटा से जवाब बनाता है, और जरूरत पड़ने पर वेब या X सर्च करता है।
दूसरे AI टूल्स से कैसे है अलग?
Grok कई मायनों में ChatGPT और Gemini जैसे दूसरे AI टूल्स से अलग है। सबसे पहले, यह रियल-टाइम डेटा का उपयोग करता है, जिससे यह मौजूदा घटनाओं पर तुरंत जवाब दे सकता है। दूसरे, Grok का अंदाज अनौपचारिक और बेबाक है। जहां ChatGPT और Gemini संयमित भाषा में जवाब देते हैं, Grok मजाक, तंज, और यहां तक कि गालियां भी दे सकता है। इसके अलावा, Grok में हास्य और एक अनोखा व्यक्तित्व है, जो इसे इंसानों जैसा बनाता है। यह X प्लेटफॉर्म से गहराई से जुड़ा है, जिससे यह पोस्ट्स और यूजर डेटा का विश्लेषण कर जवाब दे सकता है।
क्या है Grok की खासियत? (Grok AI Chatbot Features)
Grok की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह बिना सेंसरशिप के सवालों का जवाब देता है। जहां दूसरे AI टूल्स संवेदनशील सवालों पर टालमटोल करते हैं, Grok बिना हिचक जवाब देता है, चाहे वह विवादित मुद्दा ही क्यों न हो। इसके अलावा, Grok में हास्य और एक अनोखा नजरिया है, जो इसे यूजर्स के बीच लोकप्रिय बनाता है। हालांकि, इसका बेबाक अंदाज कभी-कभी विवादों को जन्म देता है, जैसा कि भारत में देखा गया।












Click it and Unblock the Notifications