YouTube Channels: यूट्यूब पर बहुत फेमस हैं ये हिंदू संत, जानें किसके कितने सब्सक्राइबर!
YouTube Channels: प्रसिद्ध संत जगद्गुरु रामभद्राचार्य को हाल ही में यूट्यूब ने उनके एक मिलियन सब्सक्राइबर पूरे होने की खुशी में 'गोल्डन प्ले बटन' भेजा है। जगद्गुरु रामभद्राचार्य के आधिकारिक यूट्यूब चैनल का नाम 'जगद्गुरु रामभद्राचार्य' है, जिस पर अब 1.3 मिलियन सब्सक्राइबर पूरे हो चुके हैं। इस चैनल पर अब तक कुल 2,300 वीडियो डाले गए हैं, जिन पर लगभग 25 करोड़ व्यूज़ हैं।
लेकिन यूट्यूब पर ऐसे और भी कई हिंदू संत और कथावाचक हैं जो बहुत ज्यादा प्रचलित हैं और उनके करोड़ों में व्यूज़ हैं। आईए जानते हैं ऐसे ही कुछ प्रमुख धर्म गुरुओं के बारे में जो यूट्यूब पर हैं बहुत ज्यादा लोकप्रिय।

अनिरुद्धाचार्य महाराज
अनिरुद्धाचार्य महाराज एक प्रसिद्ध कथा वाचक और धार्मिक गुरु हैं, जो अपनी प्रभावशाली कथाओं और हिंदू धर्म से संबंधित शिक्षा के लिए जाने जाते हैं। अनिरुद्धाचार्य की भागवत गीता, महाभारत और रामायण जैसे विभिन्न धार्मिक ग्रंथो में शुरुआत से ही रुचि थी।
उन्होंने गुरु संत गिरज महाराज के मार्गदर्शन में वृंदावन में शिक्षा प्राप्त की और संस्कृति और हिंदू शास्त्रों की पढ़ाई की। अनिरुद्धाचार्य के कहानी कहने के तरीके ने उन्हें काफी प्रशंसा दिलाई है और उनके द्वारा सुनाई गई भागवत कथा यूट्यूब पर काफी प्रसिद्ध है।
यूट्यूब चैनल का नाम: अनिरुद्धाचार्य जी
कुल वीडियोज़: लगभग 6,600
कुल व्यूज़: लगभग 338 करोड़
सब्सक्राइबर्स: 13.7 मिलियन
सद्गुरु जग्गी वासुदेव
सद्गुरु जग्गी वासुदेव, जिन्हें आमतौर पर सद्गुरु के नाम से जाना जाता है, एक योग प्रचारक और धर्म गुरु हैं। सद्गुरु कई धार्मिक कार्यों में सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं। उन्होंने 1992 में ईशा फाउंडेशन की स्थापना की थी, जो एक धार्मिक-शैक्षणिक आश्रम और योग केंद्र है। ईशा फाउंडेशन द्वारा हर साल महाशिवरात्रि के अवसर पर एक बहुत बड़ा आयोजन किया जाता है। सद्गुरु को 2017 में पद्म विभूषण से भी सम्मानित किया जा चुका है।
यूट्यूब चैनल का नाम: सद्गुरु
कुल वीडियोज़: लगभग 3,400
कुल व्यूज़: लगभग 163 करोड़
सब्सक्राइबर्स: 11.9 मिलियन
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, जिन्हें 'बागेश्वर धाम सरकार' के नाम से भी जाना जाता है, एक कथा वाचक और मध्य प्रदेश के छतरपुर में बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर हैं। शास्त्री, लोगों के मन की बात जानने और उसके आधार पर 'पर्चा' बनाने और उनका निवारण करने के लिए जाने जाते हैं। वो विभिन्न सामाजिक कार्यों में शामिल रहते हैं, जैसे कि मुफ्त भोजन प्रसाद के लिए अन्नपूर्णा रसोई की स्थापना करना, गरीब लड़कियों की शादी के लिए समारोह आयोजित करना, हिंदू धार्मिक ग्रंथों और पुराणों को बढ़ावा देना, आदि।
यूट्यूब चैनल का नाम: बागेश्वर धाम सरकार
कुल वीडियोज़: लगभग 11,000
कुल व्यूज़: लगभग 125 करोड़
सब्सक्राइबर्स: 7.71 मिलियन
प्रदीप मिश्रा
प्रदीप मिश्रा एक प्रसिद्ध कथा वाचक हैं, जो शिव महापुराण के अपने पाठ के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप मिश्रा भगवान शिव की भक्ति की जरूरत पर जोर देते हैं और कहते हैं कि भगवान शिव की पूजा करने वाले भक्त कभी दुखी नहीं होते, क्योंकि वो अपने सभी भक्तों की सुनते हैं और किसी का भी जीवन बदलने की शक्ति रखते हैं। मिश्रा भगवान शिव की रोजाना पूजा करने और उनकी भक्ति करने के महत्व पर भी जोर देते हैं, उनका मानना है कि भक्ति जीवन में सभी कठिनाइयों को दूर कर सकती है।
यूट्यूब चैनल का नाम: पंडित प्रदीप मिश्रा जी सीहोर वाले
कुल वीडियोज़: लगभग 5,900
कुल व्यूज़: लगभग 154 करोड़
सब्सक्राइबर्स: 6.7 मिलियन
प्रेमानंद महाराज
प्रेमानंद महाराज, जिन्हें श्री हित प्रेमानंद गोविंद शरण महाराज के नाम से भी जाना जाता है, वृंदावन के एक प्रसिद्ध संत हैं, जो अब पूरे देश के साथ विदेशों में भी प्रसिद्ध हैं। उनका मूल नाम अनिरुद्ध कुमार पांडे है और वो कानपुर में एक ब्राह्मण परिवार में पैदा हुए थे। वह राधा रानी के भक्त हैं और अपने भजनों, कीर्तनों और प्रवचनों के लिए प्रसिद्ध है। प्रेमानंद महाराज भजनों और कहानियों के माध्यम से लोगों को धार्मिक ज्ञान प्रदान करते हैं।
यूट्यूब चैनल का नाम: भजन मार्ग
कुल वीडियोज़: लगभग 3,400
कुल व्यूज़: लगभग 144 करोड़
सब्सक्राइबर्स: 6.38 मिलियन
देवकीनंदन ठाकुर
देवकीनंदन ठाकुर एक प्रसिद्ध कथा वाचक हैं, जो अपने भागवत कथा प्रवचनों और श्री राधा सर्वेश्वर की भक्ति के लिए जाने जाते हैं। देवकीनंदन ठाकुर ने वृंदावन में रासलीला में भाग लेने के लिए 6 साल की उम्र में घर छोड़ दिया और लगभग 26 वर्षों से धार्मिक प्रवचन दे रहे हैं। इस वर्ष जनवरी में जब राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा हुई, तब उन्होंने 15 जनवरी से लेकर 30 जनवरी तक अयोध्या में राम कथा का आयोजन भी किया था। उन्हें उनके धार्मिक और परोपकारी कार्यों के लिए सम्मानित किया गया है।
यूट्यूब चैनल का नाम: श्री देवकीनंदन ठाकुर जी
कुल वीडियोज़: लगभग 9,000
कुल व्यूज़: लगभग 127 करोड़
सब्सक्राइबर्स: 5 मिलियन
मोरारी बापू
मोरारी बापू, जिनका पूरा नाम मोरारी दास प्रभु दास हरियाणी है, गुजरात के एक धार्मिक प्रचारक हैं, जो राम कथा सुनाने के लिए जाने जाते हैं। उनका जन्म 2 मार्च 1946 को गुजरात के भावनगर में हुआ था। मोरारी बापू ने पिछले 60 वर्षों में लगभग 900 से अधिक कथाएं सुनाई है। बापू का मुख्य संदेश सत्य, प्रेम और धर्म के इर्द-गिर्द घूमता है, जो हिंदू धर्म ग्रंथों के बारे में जागरूकता पर जोर देता है। बापू की कथाएं बड़ी संख्या में श्रोताओं को आकर्षित करती हैं।
यूट्यूब चैनल का नाम: चित्रकूटधाम तलगाजरडा
कुल वीडियोज़: लगभग 5,300
कुल व्यूज़: लगभग 11.5 करोड़
सब्सक्राइबर्स: लगभग 9 लाख (873 K)
इंद्रेश उपाध्याय
इंद्रेश उपाध्याय एक बहुत ही मशहूर कथा वाचक और फिलोसॉफर हैं। उपाध्याय ने देश के महान संतों और ऋषियों की शिक्षाओं को फैलाने के लिए एक धार्मिक संगठन, भक्तिपथ की शुरुआत की थी। भक्तिपथ के माध्यम से, वो हिंदू धर्म की परंपराएं और ज्ञान साझा करते हैं और विशेष रूप से श्रीमद् भागवत कथा की शिक्षाओं पर ध्यान केंद्रित करते हैं। इंद्रेश उपाध्याय की कथाएं सुनने के लिए देश के अलग-अलग कोनों से लोग उनके पास पहुंचते हैं और उनके द्वारा दी गई शिक्षा का बहुत अच्छे से पालन करते हैं।
यूट्यूब चैनल का नाम: भक्तिपथ
कुल वीडियोज़: लगभग 1,000
कुल व्यूज़: लगभग 7 करोड़
सब्सक्राइबर्स: लगभग 4 लाख (400 K)












Click it and Unblock the Notifications