Capital Punishment: अमेरिका में ट्रांसजेंडर महिला को सजा-ए-मौत, दूसरे देशों में क्या है मृत्युदंड का तरीका
दुनियाभर में एकतरफ मृत्युदंड को खत्म करने हेतु लड़ाई चल रही है और कई देशों में मृत्युदंड दिया भी नहीं जाता। मगर ऐसे कई देश हैं, जहां मौत की सजा अलग-अलग तरीकों से दी जाती है।

Capital Punishment: कुछ दिनों पहले एक खबर आई कि अमेरिका की एक ट्रांसजेंडर महिला को घातक इंजेक्शन से मृत्युदंड दिया जायेगा। ट्रांस महिला का नाम एम्बर मैकलॉघलिन है और उस पर वर्ष 2003 में अपने पूर्व प्रेमी की हत्या का आरोप था। अमरीका में ट्रांसजेंडर महिला को मृत्युदंड देने की यह पहली घटना है। आइये जानते हैं दुनियाभर के देशों में कैसे दी जाती है अपराधियों को सजा-ए-मौत।
भारत
भारत में हत्या, आतंकवाद और मादक पदार्थों की तस्करी सहित कई अपराधों के लिए मौत की सजा का प्रावधान है। भारत में मौत की सजा देने का तरीका फांसी है जोकि कोड ऑफ क्रिमिनल प्रोसीजर (CrPC), 1973 की धारा 354(5) के तहत दी जाती है। इसके अनुसार, "जब किसी व्यक्ति को मौत की सजा दी जाती है, तो सजा का निर्देश होगा कि उसे तब तक गले से लटकाया जाये जब तक वह मर न जाये।" भारत में आखिरी मृत्युदंड मार्च 2020 में निर्भया गैंगरेप के गुनहगारों को दिया गया था। इसके अलावा इस लिस्ट में अफजल गुरु, याकूब मेमन, अजमल कसाब जैसे नाम भी शामिल हैं।
अमेरिका
अमेरिका में मृत्युदंड देने का तरीका सभी राज्यों में अलग-अलग हैं। वहां कई राज्य घातक इंजेक्शन का उपयोग करते हैं, जबकि अन्य इलेक्ट्रोक्यूशन, गैस चैंबर, फांसी और फायरिंग दस्ते जैसे तरीकों का इस्तेमाल करते हैं। फिलहाल लीथल इंजेक्शन वर्तमान में अमेरिका में मृत्युदंड देने का सबसे आम तरीका है। इसमें नशीली दवाओं की घातक खुराक दी जाती है, जिससे अपराधी होश खोकर अपनी जान गंवा देता है।
सऊदी अरब
सऊदी अरब दुनिया में सबसे ज्यादा मृत्युदंड देने वाले देशों में से एक है। सऊदी अरब में हत्या, मादक पदार्थों की तस्करी, डकैती, और यौन अपराधों सहित कई अपराधों के लिए मौत की सजा का प्रावधान है। वहां मौत की सजा में तलवार से सिर काटना शामिल है लेकिन जिन क्षेत्रों में सर काटने की अनुमति नहीं है वहां पर अपराधी को गोली मारकर मृत्युदंड दिया जाता है। गौरतलब है कि सऊदी अरब में मृत्युदंड सार्वजनिक रूप से दिया जाता है, और मारे गये अपराधियों के शवों को दफनाने के लिये उनके परिवारों को नहीं लौटाया जाता।
चीन
चीन में हत्या, देशद्रोह, आतंकवाद और मादक पदार्थों की तस्करी सहित कई अपराधों के लिए मौत की सजा का प्रावधान है। चीन में अपराधियों को मौत की सजा के तरीके का सार्वजनिक रूप से खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन यह माना जाता है कि वहां पर लीथल इंजेक्शन का मृत्युदंड देने के लिए मुख्य रूप से इस्तेमाल किया जाता है। कई रिपोर्ट्स का मानना है कि चीन में पूरी दुनिया के बाकी हिस्सों की तुलना में सर्वाधिक मृत्युदंड दिए जाते है। चीनी सरकार कभी भी सजा-ए-मौत से सम्बंधित आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं करती।
यूनाइटेड अरब अमीरात (UAE)
यूनाइटेड अरब अमीरात (UAE) में हत्या, देशद्रोह और आतंकवाद में लिप्त अपराधियों के लिये कानूनी रूप से मौत की सजा की अनुमति है। UAE में मृत्युदंड गोली मारकर दिया जाता है, लेकिन कई मामलों में इसे इस्लामिक कानून के तहत फांसी या तलवार से भी अंजाम दिया जाता है। मार्च 2022 में UAE में 81 लोगों को एक साथ मृत्युदंड दिया गया था।
जापान
जापान में अपराधियों को मृत्युदंड फांसी के द्वारा किया जाता है। यह हत्या और राजद्रोह जैसे सबसे गंभीर अपराधों के लिये ही दिया है। जापान में मृत्युदंड गुप्त रूप से दिया जाता है और सरकार इसके बारे में जनता को कोई सूचना जारी नहीं करती है। अन्य विकसित देशों की तुलना में जापान में मृत्युदंड अधिक संख्या में दिये जाते हैं।
अफगानिस्तान
अफगानिस्तान में 2021 में जब से तालिबान का राज स्थापित हुआ है तब से वहां पर मृत्युदंड की सजा की संख्या बहुत ज्यादा बढ़ गई है। तालिबान के राज में अफगानिस्तान में कई तरीके से मृत्युदंड दिया जाता है जिसमें फांसी, पथराव, गला काटकर और गोली मारना शामिल है। वहां मौत की सजा खुलेआम जनता के सामने दी जाती है।
इराक
मौत की सजा इराक में हत्या, आतंकवाद, देशद्रोह, जासूसी और अन्य अपराधों के लिये दी जाती हैं। इराक में मृत्युदंड मुख्यतः फांसी के रूप में दिया जाता है। वहां मृत्युदंड 16 वर्ष के नाबालिगों को भी दिया जा सकता है।
फिलीपींस
Recommended Video

मृत्युदंड का फिलीपींस में एक लंबा इतिहास है और स्पेनिश कोलोनियल काल के दौरान देश की कानूनी प्रणाली में मृत्युदंड को शामिल किया गया था। 2006 में फिलीपींस में मृत्युदंड को समाप्त कर दिया गया था, लेकिन 2014 में इसे बहाल कर दिया गया। फिलीपींस में मौत की सजा का प्रावधान नशीली दवाओं की तस्करी, हत्या, अपहरण और राजद्रोह जैसे अपराधों के लिये है। फिलीपींस में मृत्युदंड इलेक्ट्रॉक्यूशन के माध्यम से दिया जाता है। इलेक्ट्रोक्यूशन वह तरीका है जिसमें अपराधी को इलेक्ट्रिक करंट के माध्यम से मारा जाता है।
यह भी पढ़ें: Kanjhawala case: कौन है वो मिस्ट्री गर्ल? जो एक्सीडेंट के बाद अंजलि को छोड़कर भाग गई












Click it and Unblock the Notifications