Budget 2024: बजट में महिलाओं के लिए क्या रहा खास? वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने की ये घोषणाएं
Budget 2024: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को संसद में अंतरिम बजट 2024 पेश किया है। इस अंतरिम बजट में महिलाओं के लिए कई घोषणाएं की गईं हैं।
हालांकि, महिलाओं के लिए बजट घोषणाओं का अंदाजा राष्ट्रपति के अभिभाषण से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने संकेत में दे दिया था, जब उन्होंने अपने संबोधन में 'नारी शक्ति' पर विशेष रूप से जोर दिया था।

मोदी सरकार ने संसद भवन के पहले सत्र में ही नारी शक्ति वंदन अधिनियम को पारित कर दिया था। निर्मला सीतारमण ने आज पेश किए गए अपने अंतरिम बजट में कई बड़ी घोषणाएं की है।
वित्त मंत्री ने पहले 10 सालों की उपलब्धियों को लेकर कही ये बातें
● उद्यमिता के सहारे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की कोशिश की।
● पिछले 10 वर्षों में उच्च शिक्षा में महिला नामांकन में 28 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
● एसटीईएम पाठ्यक्रमों में लड़कियों और महिलाओं का नामांकन 43 प्रतिशत है, जो दुनिया में सबसे अधिक है।
● तीन तलाक गैरकानूनी घोषित किया गया।
● पीएम आवास के तहत 70 प्रतिशत महिलाओं को घर दिया गया।
● महिलाओं को संसद में आरक्षण देने के लिए कानून लेकर आए हैं।
● लखपति दीदी योजना के तहत एक करोड़ महिला लखपति दीदी बन गई हैं।
महिलाओं के लिए क्या-क्या घोषणाएं की गईं
● सर्वाइकल कैंसर को रोकने के लिए टीकाकरण को बढ़ावा दिया जाएगा।
● आयुष्मान भारत योजना के तहत आशा, आंगनवाड़ी वर्कर्स और सेविकाओं को भी हेल्थ कवर दिया जाएगा।
● मिशन इंद्रधनुष में टीकाकरण बढ़ाया जाएगा। इसके तहत 9 से 14 साल की लड़कियों को मुफ्त टीका लगाया जाएगा।
● वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि लखपति दीदी को बढ़ावा दिया जाएगा।
● ग्रामीण आवास 2 करोड़ से बढ़ाकर 3 करोड़ करने का निर्णय लिया गया है। 9 करोड़ महिलाओं के जीवन में बदलाव आया है।
2023-24 बजट में महिलाओं को क्या मिला था?
● महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया गया।
● महिला सम्मान बचत पत्र योजना शुरू की गई थी । इसमें महिलाओं को 2 लाख की बचत पर 7.5% का ब्याज मिल रहा है।
● दीन दयाल अंत्योदय योजना के तहत ग्रामीण महिलाओं को 81 लाख स्वयं सहायता समूह से जोड़ा गया था।
● स्वयं सहायता समूह को आर्थिक सशक्तिकरण के अगले चरण तक पहुंचाने के लिए बड़े उत्पादक उद्यम बनाये गये।
● उज्जवला योजना के तहत 9.6 करोड़ एलपीजी कनेक्शन दिए गए।
अंतरिम बजट क्या होता है?
गौर करने वाली बात ये है कि 1 फरवरी, 2024 को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा अंतरिम बजट पेश किया गया है। ये कोई आम बजट नहीं हैं। अंतरिम बजट आम बजट से छोटा होता है। इसमें नई सरकार के गठन तक राजस्व और व्यय के अनुमान को प्रस्तुत किया जाता है ताकि बाजार में निवेशकों का भरोसा बना रहे। अप्रैल से जुलाई यानी 4 महीने में जो खर्च होने हैं उसकी अनुमति इस बार के अंतरिम बजट के जरिये ली जाएगी।
संसद में अंतरिम बजट दो स्थितियों में पेश किया जाता है। एक या तो सरकार के पास पूर्ण या आम बजट पेश करने का समय नहीं हो या फिर तुरंत लोकसभा चुनाव होने वाला हो। इस बार का बजट, अंतरिम बजट इसलिए है क्योंकि सरकार को कुछ महीने बाद चुनाव में जाना है।












Click it and Unblock the Notifications