केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने छोड़े गैस के बैलून, रस्सी पकड़ बच्चों ने खींचा, फटने से 4 झुलसे
फतेहपुर, 27 नवंबर। उत्तर प्रदेश में भाजपा सांसद अपने-अपने लोकसभा क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिता का आयोजन करा रहे हैं। 27 नवंबर को फतेहपुर सांसद और केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति खेल स्टेडियम में प्रतियोगिता के समापन समारोह में पहुंची थीं जहां उन्होंने गैस से भरे गुब्बारे छोड़े। स्टेडियम में मौजूद बच्चों ने खेल-खेल में उड़ रहे गुब्बारे की रस्सी पकड़कर नीचे खींचा। गुब्बारा अचानक फटा और उससे निकली चिंगारी में चार बच्चे झुलस गए। झुलसे बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

फतेहपुर जिले के सदर कोतवाली स्थित खेल स्टेडियम में यह हादसा हुआ। इस बारे में केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने पत्रकारों से कहा कि गैस के गुब्बारों को मैंने छोड़ा था, वो तो ऊपर चले गए लेकिन मेरे साथ जो छोड़ रहे थे उनको रस्सी को नीचे नहीं करना चाहिए था। गुब्बारों की रस्सी पकड़कर कुछ बच्चों ने खींचा। बच्चों की छीनाझपटी में गुब्बारा फटने से हादसा हुआ। बच्चों का इलाज अस्पताल में कराया गया है। हादसे में घायल बच्चे उच्चतर प्राथमिक विद्यालय के छात्र हैं जिनका नाम महेंद्र, अभिषेक, विवेक और नवनीत बताया गया है। बच्चों का इलाज करने वाले जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर के डॉक्टर के मुताबिक सभी बच्चे भिठौरा प्रखंड के हैं। गुब्बारा फटने से ये बच्चे झुलसे हैं। कोई गंभीर रूप से घायल नहीं है।

बागपत में बोले अनुराग ठाकुर
Recommended Video
यूपी के ही बागपत जिले में दंगल का आयोजन किया गया जिसमें केंद्रीय मंत्री और यूपी चुनाव के भाजपा सह प्रभारी अनुराग ठाकुर पहुंचे। उन्होंने सांसद खेल प्रतिस्पर्धा पर सवाल उठाए जाने को लेकर अखिलेश यादव पर हमला बोला। अनुराग ठाकुर ने कहा कि अखिलेश यादव दंगा कराते हैं और हम दंगल कराते हैं। कहा कि सांसद अगर खेल को बढ़ावा दे रहे हैं तो इसमें क्या बुराई है? वहीं यह भी कहा कि 2024 में लोकसभा चुनाव भी तो है। यूपी विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारी में जुटी भाजपा ग्रामीण युवा वोटरों को साधने के लिए खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करा रही है जिसका जिम्मा सांसदों को दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications