महंत नृत्य गोपाल दास के संपर्क में आए दो शिष्य कोरोना संक्रमित, मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती
मथुरा। जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास महाराज कोरोना संक्रमित होने के बाद गुड़गांव के मेदांता हॉस्पिटल में इलाज करा रहे हैं। अब उनके दो शिष्यों की कोरोना जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। जानकी दास और नारायण दास को कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद मेदांता अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।

Recommended Video
जन्माष्टमी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद महंत की तबीयत बिगड़ी
महंत नृत्य गोपाल दास अयोध्या से सरयू का जल लेकर मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने आए थे। बुधवार को कार्यक्रम के बाद रात में वे मथुरा जंक्शन के पास आराम के लिए सीताराम मंदिर पहुंचे जहां सुबह होते-होते उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। बुखार और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत होने पर उनके शिष्य ने प्रदेश के उर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा को फोन कर इसकी सूचना दी। उर्जा मंत्री के निर्देश पर सीएमओ ने नोडल अधिकारी को महंत नृत्य गोपाल दास की जांच के लिए भेजा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर महंत को बेहतर इलाज के मेदांता अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद महंत के साथ अस्पताल गए शिष्यों की भी कोरोना टेस्टिंग की गई जिसमें जानकी दास और नारायण दास कोरोना संक्रमित पाए गए। उनका इलाज भी मेदांता अस्पताल में किया जा रहा है।
महंत के संपर्क में आए लोगों की होगी कोरोना टेस्टिंग
महंत नृत्य गोपालदास के दो शिष्यों में संक्रमण पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने यह फैसला लिया है कि उनके संपर्क में आए सभी लोगों की कोरोना जांच कराई जाएगी। राम मंदिर के भूमिपूजन कार्यक्रम में महंत नृत्य गोपालदास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक मंच पर घंटेभर से ज्यादा बैठे रहे थे। उस समारोह में यूपी के मुख्यमंत्री समेत कई मंत्री, अधिकारी शामिल हुए थे। महंत के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद अयोध्या में उनके मणिरामदास छावनी आश्रम को सैनिटाइज करने के साथ-साथ साधु-संतों को होम क्वारंटाइन किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि जिनको भी कोई लक्षण लगे वो तुरंत सूचना दें ताकि उनकी जांच हो सके।












Click it and Unblock the Notifications