रक्षक बना भक्षक : दहेज के मामले में मदद के लिए नवविवाहिता को होटल में बुलाकर इंस्पेक्टर ने लूटी अस्मत
इटावा, 05 नवंबर: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में रक्षक के भक्षक बनने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नवविवाहित महिला ने जिस इंस्पेक्टर को मददगार समझकर उसपर विश्वास किया, उसी ने उसकी अस्मत लूट ली। यहीं नहीं अश्लील वीडियो भी बना लिया और धमकी दी कि अगर किसी को कुछ बताया तो यह वीडियो वायरल कर देगा। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी इंस्पेक्टर को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।

क्या है पूरा मामला ?
आरोपी इंस्पेक्टर वर्तमान में महोबा में तैनात है। इटावा जिले के भरेह थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली महिला ने बताया कि उसने अपने ससुरालवालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का भरेह थाना में मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़िता के मुताबिक, मुकदमे को लेकर थाने में तैनात इंस्पेक्टर महेंद्र प्रताप सिंह ने समझौता कराकर उसे ससुराल भिजवा दिया था। कुछ दिन बाद इंस्पेक्टर महेंद्र प्रताप का तबादला भरेह थाने से उसकी ससुराल चक्रनगर थाने में हो गया था। पीड़िता ने बताया कि इंस्पेक्टर ने चक्रनगर आने के बाद जबरदस्ती उसके ससुरालवालों के खिलाफ दहेज का मुकदमा दर्ज करा दिया था।

होटल में बुलाकर किया रेप
महिला ने बताया कि इंस्पेक्टर बयान दर्ज कराने के बहाने उसे इटावा कोर्ट ले गए। इसके बाद बयान के बहाने बुलाकर होटल में रोका, जहां उसके साथ हैवानियत की। इंस्पेक्टर ने इस बारे में किसी को जानकारी ना देने की धमकी भी दी। साथ ही अश्लील वीडियो वायरल करने भी धमकी दी थी। इसके कुछ दिन बाद आरोपी इंस्पेक्टर ने फिर पीड़िता से रेप किया।

इंस्पेक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज, महोबा से गिरफ्तार
इस मामले में पीड़िता ने एसएसपी जयप्रकाश सिंह के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय और राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष से शिकायत की थी। बीते दो नवंबर को मामला ट्वीटर में वायरल होने पर एसएसपी ने घटना को गंभीरता से लेकर सीओ चक्रनगर राकेश वशिष्ठ को जांच सौंपी थी। इटावा एसएसपी जयप्रकाश ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रथम दृष्टया इंस्पेक्टर महेंद्र प्रताप सिंह इस घटना में दोषी पाए गए हैं। आरोपी इंस्पेक्टर को पूछताछ के लिए इटावा पुलिस इटावा लेकर आ गई है।












Click it and Unblock the Notifications